






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 नवम्बर 2021। गांव कुनपालसर की बेटी 13 वर्षीय सुमन ने जिलास्तरीय 400 मीटर दौड़ में गोल्ड के लिए दौड़ते हुए जिलेभर के करीब 80 प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए गोल्ड पर कब्जा जमाया वहीं गांव धीरदेसर पुरोहितान के नीतीश मेहरा ने ऐसा सूफी गायन प्रस्तुत किया कि सांसद अर्जुनराम मेघवाल सहित संगीत नाटक अकादमी बीकानेर में उपस्थित हर श्रोता झूम उठा और खूब दाद दी।
आजादी के अमृत महोत्सव में नीतीश के स्वरों का जादू बिखरा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार व जिला प्रशासन बीकानेर द्वारा आयोजित ‘आजादी के महोत्सव’ में ‘देशज- भारत की पारंपरिक, लोक एवं जनजातीय अभिव्यक्तियों का उत्सव में नीतीश ने सूफी गायन प्रस्तुत किया। इस आयोजन का आज समापन समारोह है और पूरे देश से कलाकार यहां प्रस्तुतियां दे रहें है। नीतीश के परिजनों सहित कलाकारों ने उन्हें शुभकामनाएं दी है।

कच्ची गलियों में दौड़ कर सुमन ऐसा दौड़ी की सोना ले आई।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र की प्रतिभाएं सुविधाओं की कमी को दरकिनार कर अपना दम खम झोंक कर मैडल जीत रही है और ग्रामीण भी पलक पांवड़े बिछा कर उनका स्वागत कर रहें है। गांव कुनपालसर के राउप्रावि की छात्रा सुमन दुसाद पुत्री रेवंतराम दुसाद गांव ने राउप्रावि विद्यालय गिन्नानी बीकानेर में आयोजित जिलास्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम पदक जीत कर अपने गांव की पहली गोल्डमेडलिस्ट बन गई है। ग्रामीणों ने आज बालिका के गांव पहुंचने पर शानदार स्वागत किया। बालिका को घोड़े पर बिठाया, रंग खिलाया व डीजे के साथ मुख्य गलियों में घुमाया। बालिका का सम्मान करते हुए प्रधानाध्यापक प्रेम सिंह पूनियां ने छात्रा को शुभकामनाएं दी। विद्यालय के पीटीआई कानाराम सिहाग ने बालिका को दौड़ की प्रैक्टिस करवाई। बता देवें गांव में कोई ग्राउंड या ट्रेक नहीं है और कच्ची गलियों में दौड़ कर सुमन ने गोल्ड की दौड़ जीत ली है। सरपंच उर्मिला देवी व ग्रामीणों ने बालिका को व परिजनों को खूब बधाइयां दी व गांव में दिनभर उत्सव का स माहौल रहा।





