






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 दिसम्बर 2021। एक ओर जहां विवाह की 25वीं या 50वीं वर्षगांठ पर नागरिक पार्टी समारोह में लाखों रुपए खर्च कर देते है वहीं ऐसे में श्रीडूंगरगढ़ के प्रवासी नागरिक कन्हैयालाल बाहेती ने एक प्रेरणीय पहल की है। बाहेती ने वर्षगांठ पर किसी जरूरतमंद के सहयोग की सीख दी है। कन्हैयालाल ने अपने जीवन के 50 वर्ष जीवनसंगिनी के साथ पूर्ण करने के बाद अपनी गोल्डन जुबली समाज में सेवा सहयोग देकर मनाई है। उन्होंने कहा कि धर्मपत्नी ने जीवन भर जो सेवा व सहयोग हमारे घर परिवार को दिया है उसे परिवार से समाज में बढ़ाने का मौका इस बहाने मिला है। उन्होंने श्रीडूंगरगढ़ युवा परिषद भिवंडी की टीम के साथ जुनवाणी में 250 परिवारों को कंबल व बच्चों को कॉपियां, बिस्किट, टॉफियों का वितरण किया। युवा परिषद के संचालन समिति के कार्यकर्ता इस मौके पर मौजूद रहे व वितरण में अपनी सेवाएं दी। परिषद सदस्यों ने बताया कि गत सेवा कार्य के दौरान जुनवाणी के ग्रामीणों कंबल व कॉपियों की जरूरत की मांग रखी थी जिसे युवाओं ने प्रयास कर पूरा किया। इस कार्य के लिए परिषद के सभी सदस्यों ने बाहेती का आभार प्रकट करते हुए सपत्नी दीर्घायु होने की शुभकामनाएं दी।









