May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 दिसंबर 2021। दहेज में मोटरसाइकिल की मांग पूरी करवाने के लिए बहू के पहने हुए गहने तक उतरवा लिए और उससे मारपीट करते हुए शादी के करीब 10 वर्ष बाद 8 वर्ष के बेटे के साथ घर से निकाल दिया। महिला ने दहेज मांगने, शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने व अमानत में खयानत करने का आरोप लगाते हुए पति सहित चार जनों के खिलाफ श्रीडूंगरगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि मोमासर बास निवासी रहीसा बानो ने अपने पति कदीर खां, लियाकत खां, निवासी नवलगढ़ तथा अजमत बानो, फूले खां निवासी लक्ष्मणगढ़ के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। रहीसा ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 20.06.2011 में कदीर के साथ हुई व लगातार दहेज कम देकर नाक कटवाने की बात कह कर मारपीट करते, मोटरसाइकिल गहनो की मांग करते, मानसिक व शारीरिक क्रूरता करते, 3.12.2021 को गहने उतरवा कर बेटे अयान के साथ घर से मारपीट कर धक्के देकर घर से निकाल दिया। रहीसा ने बताया कि उसके परिवार ने अपनी हैसीयत से बढ़कर दिया और लगातार उसे खर्च भेजते रहें ताकि घर बस जाए परन्तु आरोपियों ने दहेज नहीं देने पर जला कर मारने की धमकी देते हुए स्त्रीधन लौटाने से भी मना कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।