






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 दिसंबर 2021। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में एक सरकारी विभाग ने नागरिकों की समस्या का समाधान कर उन्हे राहत दी तो एक विभाग ने तीन घंटे तक सुनवाई नहीं की और ना ही समस्या पर कार्रवाई की जिससे नागरिक परेशान हुए। कस्बे में जलदाय विभाग ने वार्ड 10 में गंदे पानी की शिकायत का निवारण करवाया। विभाग के एईएन बृजमोहन मुंड ने बताया कि वार्ड में प्रदूषित जल की शिकायत पर कर्मचारी मौके पर पहुंचे व काफी मशक्कत के बाद पाइप लाइन में गंदे पानी की मिलावट के पांइट को ढूंढा गया व समस्या का निवारण करवा दिया गया है। वार्ड में गुरुवार से साफ पेयजल की सप्लाई शुरू हो गई है। यहां वार्ड के नागरिकों ने विभाग का आभार जताया। वहीं कालूबास में गुरूवार देर शाम 50 से अधिक घरों में अंधेरा छा गया परन्तु तीन घंटे तक बिजली विभाग ने सुनवाई नहीं की। कड़ाके की ठंड में वार्ड 3 व 34 के नागरिक बड़ी संख्या में सप्लाई पांइट पर खड़े रहें व विभाग से संपर्क का प्रयास करते रहें। वार्ड के नागरिकों ने आखिरकार देर रात प्राइवेट इलेक्ट्रिशियन को बुलवा कर बिजली लाइन दुरस्त करवाई और घरों में रोशनी लौट पाई। यहां नागरिकों ने विभागीय कार्यशैली को बुरा भरा कहते हुए रोष भी प्रकट किया। वहीं गांव सातलेरा में गुरूवार को 7 घंटों तक अघोषित बिजली कटौती की गई जिससे ग्रामीण बुरी तरह प्रभावित हुए व विभाग के प्रति आक्रोश प्रकट किया। ग्रामीण सुगना राम जाखड़ ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से लगातार स्थानीय जीएसएस से अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है जिससे ग्रामीण परेशान हो उठे है।






