






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 दिसंबर 2022। किसी भी समाज के निरंतर विकास के लिए समाज में शांति और सुरक्षा का वातावरण होना अत्यंत आवश्यक है। ये वातावरण बनाने के लिए समाज को अपराध मुक्त होना आवश्यक है परंतु फिलहाल पूरे राज्य सहित श्रीडूंगरगढ़ में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ ही रहा है। 2021 में श्रीडूंगरगढ़ थाने में कुल 374 मुकदमे दर्ज हुए है जो औसत रोजाना एक मुकदमा दर्ज होना बता रहा है। इनमें जरिए इस्तगासा दर्ज होने वाले मुकदमे शामिल नहीं है।
श्रीडूंगरगढ़ में बढ़ते महिला अपराध, दहेज के झूठे मुकदमे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजस्थान पुलिस द्वारा महिलाओं की सहायता के लिए सखी योजना तो प्रारंभ तो कर दी है परंतु योजना अपने उद्देश्यों में सफल हो सकेगी इसमें अभी संदेह शेष ही है। श्रीडूंगरगढ़ में भी महिलाओं के प्रति हिंसा के 2021 में 94 मुकदमे दर्ज हुए है। चिंता की बात ये है कि इनमें स्त्री हत्या के 2 मुकदमे दर्ज हुए तथा रेप के 13 मुकदमे दर्ज हुए जिनमें सभी में चालान भी पेश हुआ है वहीं आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का 1 मामला, पोक्सो एक्ट में 7 मामले दर्ज हुए है। 2 नाबालिग पीड़ित के मुकदमे दर्ज हुए तथा दहेज के लिए तंग परेशान करने के 52 मुकदमे, छेड़छाड़ करने के 20 मुकदमें दर्ज हुए है। एक अलग कल्चर भी बढ़ रहा है जिसमें झुठे मुकदमें दर्ज करवाने के मामले सामने आ रहे है। गत वर्ष दहेज के 52 मुकदमों में से 23 में एफआर लगी है व शेष 29 में चालान पेश किया गया। वहीं छेड़छाड़ के 20 मुकदमो में 9 मुकदमे पुलिस ने जांच में झुठे पाए तथा 11 में चालान किया गया। वहीं एससी.एसटी एक्ट में 16 मुकदमे दर्ज हुए जिनमें चार में चालान पेश किया गया व शेष झूठे पाए गए। अन्य अधिनियमों में भी 16 मुकदमें दर्ज हुए है।
सड़क दुर्घटनाओं में हुई 27 की मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में 41 सड़क दुर्घटनाएं हुई जिनमें 27 जनों को असमय काल ने अपना ग्रास बना लिया। क्षेत्र में अधिकांश दुर्घटनाएं मोटरसाइकिल सवार की रही है जिनमें हेलमेट नहीं पहनने के कारण मरने वालों की संख्या अधिक है।
821 को किया पाबंद, 282 गिरफ्तारियां हुई है।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस ने धारा 151 में 282 जनों को गिरफ्तार किया गया तथा 821 लोगों को पाबंद किया गया है। विद्युत अधिनियम के तहत 7 मामले दर्ज हुए व जुआ खेलने व खिलवाने के लिए 24 मामले व आबकारी एक्ट में 35 मुकदमे दर्ज हुए है। आर्म्स एक्ट में भी 2 मुकदमे दर्ज हुए व राशन में गड़बड़ी करने का एक मामला दर्ज हुआ है। बता देवें आंकड़ों में शेरुणा थाना क्षेत्र शामिल नहीं है अन्यथा ये आंकड़े और बड़े होते।



