






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 जनवरी 2022। श्रीडूंगरगढ़ में चोरों का आतंक व लपकों का साया मंडराने लगा है। गांव तोलियासर में गांव के बीच में ठाकुरजी मंदिर के पास एक बंद मकान में चोरों ने धमाचौकड़ी मचाई। घर में रसोई, पूजाघर, कमरों, संदूको के, अटेचियों, तिजोरी के एक दर्जन से अधिक ताले तोड़कर लाखों का नुकसान किया। चोरों ने घर में बैठ कर शराब- सिगरेट भी पी और करीब ढाई लाख रुपये नगद चुराए। चोरों ने यहां चांदी की चार जोड़ी पायल भी चुराई। मकान मालिक भींयाराम राजपुरोहित परिवार सहित खाजूवाला रहते है। मंगलवार सुबह वे घर पहुंचे तो वारदात का खुलासा हुआ। मकान मालिक ने बताया कि 3 माह पूर्व घर में विवाह समारोह सम्पन्न हुआ जिसके बाद 2.30 लाख रुपये नगद हिसाब करने के लिए रखें गए थे जो चोरी कर लिए तथा चाँदी की चार पायल के साथ अन्य गहने भी चोरी हुए हैं। पुलिस मौके पर पहुंची व जांच शुरू कर दी गई है।







