May 21, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 जनवरी 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के कृषि कुओं पर रबी की फसलें लहलहा उठी है परन्तु किसान रात्रिकालीन बिजली आपूर्ति के कहर से जूझ रहें है। इस गलन पैदा करने वाली कड़कती ठंड में किसान राज्य सरकार की गाइडलाइन के अनुसार दिन में बिजली दिए जाने की मांग लगातार कर रहें है। रविवार को क्षेत्रीय विधायक गिरधारी लाल महिया किसानों की इस मांग को लेकर बीकानेर में ऊर्जा मंत्री भंवरसिंह भाटी के पास पहुंचे। महिया ने मंत्री से कड़ाके की ठंड को देखते हुए किसानों को सिंचाई के लिए दिन में बिजली देने एवं गांवों में लड़खड़ाती सिंगल फेज बिजली सुचारू करने की मांग की। महिया ने कहा कि शीतलहर का कहर जारी है और ऐसे में किसानों को शीघ्र राहत दी जाए। उन्होंने मंत्री भाटी को बताया कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के कई गांवों में सिंगल फेज बिजली की आपूर्ति लड़खड़ाने से भी किसान परिवार परेशान है। इस पर मंत्री भाटी ने शीघ्र बीकानेर जिले सहित श्रीडूंगरगढ़ तहसील के लिए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके साथ महिया ने श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत जीएसएसों का निर्माण मार्च के अंत तक करवाने की मांग की व क्षेत्र में प्रस्तावित नये फीडरों व अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मरों की स्वीकृतियां देने की मांग भी की।