






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 जनवरी 2022। बीकानेर शहर को सुलगाने वाली घटना अम्बेडकर सर्किल पर गोली-तलवार कांड के मुख्य आरोपियों को पांच दिनों की लुकाछिपी के बाद श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। घटना के बाद गत 6 जनवरी को जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग अलग टीमों का गठन किया गया था एवं एक टीम श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी वेदपाल शिवराण की अगुवाई में बनाई गई। थानाधिकारी सहित कांस्टेबल पुनित कुमार, सेवानंद, मुकेश की टीम ने तकनीकी सूचना के आधार पर सीकर में दबीश दी। सीकर के गांव सबलपुरा में आरोपी का मामा रहता है। वहां पर पुलिस ने दबीश दी और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद से पुलिस मुख्य आरोपियों की तलाश में घूम रही थी एवं सोमवार को एक सूचना के आधार पर रसीदपुरा और सीकर के बीच एक होटल पर आरोपियों के रूकते ही टीम ने मुख्य आरोपी सदीक एवं अमरदीन उर्फ उमरदीन को गिरफ्तार कर लिया। विदित रहे कि वारदात के सीसीटीवी कैमरे में आरोपी सदीक पीड़ित तेजु माली पर फायर करते हुए दिख रहा था एवं यह वीडियो वायरल होने के बाद बीकानेर में जम कर रोष फैल गया था। मामले में खूब विरोध पदर्शन, बाजार बंद आदि हुए। घटना में पांच आरोपियों को पकड़ने में श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है एवं जिला पुलिस का मान बढ़ाया है।



