May 20, 2026
IMG-20210103-WA0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 जनवरी 2022। श्रीडूंगरगढ़ तहसील के गांव लिखमीसर उत्तरादा निवासी एक किसान के साथ पुलिसकर्मी बन कर बीकानेर कृषि मंडी में 2 लाख रुपए की लूट करने वाले शातिर बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए है एवं आरोपियों ने इस वारदात के साथ एक वारदात पहले और करना स्वीकार कर लिया है। रेंज आईजी प्रफुल्ल कुमार, एसपी योगेश यादव के निर्देशन में, एएसपी सिटी अमित कुमार, सीओ सदर पवन कुमार के सुपरविजन में बीछवाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बीछवाल सीआई मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि मुलजिम कृषि उपज मण्डी में आने वाले किसानों के पास हथियार होने या मादक पदार्थ होने की सूचना का बहाना बनाकर तथा अपने आप को पुलिस कर्मी बताकर किसानों की तलाशी लेते और तलाशी के बहाने राशि की ठगी कर लेते। हाल ही की वारदात में सोमवार को ही लिखमीसर उत्तरादा के निवासी देवाराम जाट के साथ 2 लाख रुपए की लूट की थी एवं इससे पहले गत 27 नवम्बर 2021 को बीकानेर मंडी में मूंगफली खरीदने कानपूर से आए व्यापारी राजकुमार पोरवाल के साथ दो लाख पच्चीस हजार रूपये की लूट हुई थी। सोमवार को हुई वारदात के बाद पुलिस ने बीकानेर शहर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। फुटेज के आधार पर दो जनों को चिन्हित किया गया और ये दोनो ही नोखा-नागौर की ओर जाते दिखाई दिए। इस पर बीछवाल सीआई मनोज शर्मा व डीएसटी टीम ने उनका पीछा कर सीसीटीवी फुटेज में चिन्हित दोनों को नागौर से डिटेन किया। दोनों से सख्ती से पूछताछ की गई तो दोनों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। दोनों आरोपियों की पहचान 40 वर्षीय सलीम शेख पुत्र राजे साहब शेख निवासी धारवाङ (कर्नाटक) एवं 55 वर्षीय यावर अली बैग पुत्र हिम्मत अली निवासी अजमेर को गिरफ्तार कर लिया गया है।