






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 फरवरी 2022। आज सुबह श्रीडूंगरगढ़ पालिका में हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है और लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी मामले में थाने में दो परिवाद थानाधिकारी के नाम दी गई है व जांच की मांग की गई है। बता देवें सुबह बजट बैठक के दौरान भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए पार्षद सोहनलाल ओझा और उनके समर्थकों ने बैठक में जबरदस्त हंगामा किया। ओझा पर अमर्यादित भाषा के प्रयोग का आरोप लगाया गया और दो जनों की गिरफ्तारी भी हुई, ईओ आवास के बाहर चोर घर लिखा गया और अब पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा थाने पहुंचे व थानाधिकारी के नाम लिखित रिपोर्ट दी है। शर्मा ने पार्षद सोहनलाल ओझा पर कई आरोप लगाए और पुलिस को बताया कि पार्षद ओझा व अन्य पांच सात जनों ने पालिका कार्यालय में हंगामा करते हुए राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है, गाली गलौच की व पालिकाध्यक्ष की छवि को धूमिल करने की कुचेष्टा की है। वहीं शर्मा के सहायक नंदकिशोर नाई ने भी परिवाद देते हुए पार्षद सोहनलाल ओझा, कृष्णकुमार जांगीड़ पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि तीनों ने पहले भी एलानिया धमकी दी है और आज सुबह पालिका परिसर में पुनः लात मुक्कों से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी है। हालांकि दोनों ही मामलों अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है और रिपोर्ट की प्राथमिक जांच के लिए एएसआई पूर्णमल को सौंपी गई है।



