






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 फरवरी 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में जनता की श्रृद्धा के केन्द्र तेरापंथ धर्मसंघ के आचार्यश्री महाश्रमण का प्रवास इसी वर्ष जून में प्रस्तावित है। लेकिन उनके प्रवास से पहले क्षेत्र में उनके स्वागत सत्कार के बड़े प्रयास शुरू हो गए है। ऐसा ही एक बड़ा प्रयास हो रहा है क्षेत्र के गांव मोमासर में, यहां के राउमावि के खेल मैदान में ग्राम पंचायत व भामाशाहों द्वारा 40 लाख रुपए की लागत से खेल मैदान को आधुनिक स्टेडियम का रूप दिया जा रहा है। शुक्रवार को सरपंच सरिता देवी संचेती एवं उपसरपंच जुगराज संचेती की अगुवाई में पंचायत द्वारा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राजकुमार शर्मा को प्रस्ताव देकर स्टेडियम का नाम “आचार्यश्री महाश्रमण योग साधना एवं क्रीड़ा केन्द्र” रखने की मांग की गई। उपसरपंच जुगराज संचेती ने यह नाम रखने पर आचार्यश्री के प्रति श्रृद्धाभाव रखने वाले श्रृद्धालुओं के सहयोग से भविष्य में इसका स्वरूप भव्य व शानदार करने की बात कही। इस पर शर्मा ने शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालय भवन, स्टेडियम आदि में निमार्ण संबंधी सहयोग देने वालों के प्रस्ताव अनुसार नामकरण संभव बताया एवं यह प्रस्ताव निदेशक के पास भेज कर शीघ्र ही निजी प्रयास द्वारा स्टेडियम का नया नामकरण करवाने का आश्वासन भी दिया।



