






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 फरवरी 2022। “जाको राखे सांईया मार सके ना कोय” विधाता का कहर एवं उसकी दयालुता को प्रकट करने वाली ये पंक्तियां आज क्षेत्र के गांव शेरूणा के पास हाईवे पर हुए हादसे में चरितार्थ हो गई है। बीकानेर से सूडसर चलने वाली बस में दिल्ली से बीकानेर की ओर जा रही एक बलेनो कार की जबरदस्त भीडंत में कार में सवार पति पत्नी की तो बीकानेर पीबीएम चिकित्सालय ले जाते समय बीच रास्ते में ही मृत्यु हो गई है वहीं सात माह की बच्ची अब सकुशल है। शेरूणा थानाधिकारी रामचंद्र ढाका ने बताया कि दिल्ली निवासी अभिषेक धर चला रहा था एवं दिल्ली निवासी ज्योति सिंगला उसके साथ वाली सीट पर बैठी थी। सात माह की बच्ची गाड़ी में लगाए गए बेबी सीटर में पीछे की और बैठी थी। आमने सामने की टक्कर में कार के परख्च्चे उड़ गए थे, हालांकि आगे की दोनो सीटों के एयरबैग भी खुले थे लेकिन हादसा इतना जबरदस्त था कि एयरबैग भी फट गए। कार में सवार दोनो जनों की मृत्यु के बाद पुलिस को अभी तक यह भी पता नहीं लग पाया है कि वे दोनो बीकानेर ही आ रहे थे या यहां से आगे कहीं जा रहे थे। पुलिस को उनका मोबाईल फोन एवं आधार कार्ड, अन्य पहचान पत्र मिले है। जिनके आधार पर परिजनों को सूचना दे दी गई है। मृतक के भाई सम्पर्क हो पाया है एवं वह रविवार सुबह बीकानेर पहुंच पाएगें। उसके बाद ही इस परिवार के बीकानेर की ओर आने का कारण पता चल पाएगा।



