






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 मार्च 2022। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यों की चर्चा पूरे देश में है और गहलोत जननेता है। उनके नेतृत्व में पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा की अगुवाई में आमजन को कांग्रेस से जोड़ने के प्रयास श्रीडूंगरगढ़ कांग्रेस द्वारा तेज किए जाएंगे। ये बात श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में नव नियुक्त नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख ने कही। पारख ने श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स से खास बातचीत में कहा कि पालिका में अब कांग्रेस मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी व सत्तापक्ष की कस्बे के विकास को लेकर जवाबदेही का माहौल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा नगरपालिका क्षेत्र में विकास करवाने की सभी योजनाओं में हम समर्थन देंगे परंतु जनता की अनदेखी व गैर-जिम्मेदाराना कार्यों के लिए कांग्रेस जमकर अपना विरोध दर्ज करवाएगी। अंजू ने कहा कि कांग्रेस श्रीडूंगरगढ़ के विकास के प्रति प्रतिबद्ध है तथा कांग्रेस कस्बे में प्रत्येक पालिका पीड़ित नागरिक के साथ खड़ी है। अंजू ने गहलोत सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि कस्बे में कन्या महाविद्यालय सहित राजकीय महाविद्यालय को पीजी तक क्रमोन्नत कर महिला शिक्षा के लिए जो सौगात दी है उसे लेकर क्षेत्र की महिलाएं कांग्रेस के नजरिए को समझे व महिला हित में कांग्रेस से जुड़े। पारख ने पालिका को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पूरे कस्बे में एक भी सड़क ऐसी नहीं है जिसे विकास के मापदंड पर खरा कह सकें। पारख ने कहा कि मोहल्लों में कचरा संग्रहण गाड़ियां नहीं आ रही है, बाजारों की नियमित सफाई नहीं हो रही है तथा रोजमर्रा की समस्याऐं मुंह बाए खड़ी है तो हम ड्रेनेज, जोहड़ समस्या, शहर के सौंदर्यकरण की तो बात ही क्या करें.? बता देवें महिला दिवस के दिन ही कांग्रेस पार्टी ने पालिकाओं में अपने नेताओं की सूची जारी की जिसमें श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में प्रतिपक्ष नेता का पद श्रीमति अंजू पारख को दिया गया। पारख की नियुक्ति के बाद उन्हें स्थानीय कांग्रेस सहित महिला संगठनों ने बधाइयां दी। पारख के सास, ससुर दोनों पूर्व पार्षद रहें है तथा उनके पति मनोज पारख भी लगातार पार्टी में सक्रिय कार्यकर्ता की भूमिका निभा रहें है।



