May 20, 2026
26jan

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 मार्च 2022। विधायक गिरधारीलाल महिया आज उत्तर पश्चिमी रेलवे के अपर महाप्रबंधक गौतम अरोरा से मिले व लंबी चली चर्चा में क्षेत्र की रेल संबंधी कई मांगे उठाई। महिया ने बीकानेर-जयपुर वाया चूरू के मध्य रेल सेवा शीघ्र शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि ब्रॉडगेज लाईन बनने के बाद बीकानेर जिले के यात्री बीकानेर से जयपुर वाया चूरू रेलमार्ग पर नई ट्रेनें शुरू होने का इंतजार कर रहे है। विधायक ने इस मार्ग पर एक एक्सप्रेस ट्रेन व एक पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू करने की बात कही। अपर महाप्रबंधक अरोरा ने यात्रियों की सुविधा के लिए इस प्रस्ताव पर सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त विधायक ने बीकानेर-रतनगढ़ रेलखण्ड मार्ग पर विद्युतीकरण कार्य शुरू होते ही ग्रामीण क्षेत्रों के पटरी पार मार्गों को एकाएक बंद करने से ग्रामीणों को हो रही परेशानी से भी अवगत करवाया। महिया ने रेलवे द्वारा राज्य सरकार से समन्वय स्थापित करके बिग्गा-बीदासर मार्ग, श्रीडूंगरगढ़-पुंदलसर मार्ग, दुसारणा-श्रीडूंगरगढ़ मार्ग, दुलचासर-बासी महियान मार्ग, दुलचासर-सावंतसर मार्ग, दुलचासर-भोजास मार्ग पर नये रेलवे अण्डरब्रिजों का निर्माण करवाने, गाड़ी संख्या 04855 बीकानेर-रतनगढ़ ट्रेन का बीकानेर जंक्शन से रवानगी का समय करीबन सुबह 05.30 बजे व गाड़ी संख्या 04856 रतनगढ़-बीकानेर ट्रेन का रतनगढ़ स्टेशन से रवानगी का समय शाम साढ़े 7 बजे करने, जैसलसर गांव में नए हाल्ट स्टेशन की स्वीकृति देने, विभिन्न ट्रेनों का सूडसर रेलवे स्टेशन पर ठहराव करने की मांग भी की। अपर महाप्रबंधक ने सभी मांगों पर तथ्यात्मक रिपोर्ट बनाकर उचित कार्यवाही करने का सकारात्मक आश्वासन विधायक को दिया।