August 30, 2026
26jan

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 अप्रैल 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में इन दिनों एक नया और बड़ा खतरा जंगली मधुमक्खियों के रूप में बढ़ रहा है। क्षेत्र के गांवो में इनकी तादात अचानक से काफी ज्यादा बढ़ गई है और आए दिन ग्रामीणों पर हमले की सूचनाएं आ रही है। सोमवार सुबह सुबह ही क्षेत्र के गांव सोनियासर मिठिया की अगुणी रोही में इन जंगली मधुमक्खियों के हमले में दो जने घायल हो गए जिनमें एक की हालत गम्भीर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनियासर मिठिया निवासी देवाराम ज्याणी और सोहनराम मूंड गांव की रोही में अपना रेवड़ चरा रहे थे तभी अचानक से जंगली मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला बोल दिया। दोनो के चिल्लाने पर आसपास की ग्रामीण पहुंचे और दोनो को बमुश्किल गांव लेकर आये। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें श्रीडूंगरगढ़ चिकित्सालय में रेफर कर दिया गया। गांव के सामाजिक कार्यकर्ता भंवरलाल जोशी सहित परिजन उन्हें श्रीडूंगरगढ़ लेकर आए है। अधिक जहर चढ़ने और दर्द के कारण देवाराम ज्याणी तो बेहोश है और गम्भीर अवस्था में है। विदित रहे कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं ने तेजी आई है और रोही, जंगलों में रहने वाली ये बड़ी और जंगली मधुमक्खियां बिना छेड़े ही आसपास से गुजरने पर ही हमला बोल रही है। ग्रामीणों ने बताया कि ये बिना छेड़े ही पीछे पड़ कर काट रही है और संख्या भी आश्चर्यजनक ढंग से बढ़ रही है।