






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 अप्रैल 2022। देर रात पुलिस थाने में एक युवक ने सूचना देकर लूट की वारदात होना बताया और युवक द्वारा झूठी सूचना देने पर पुलिस ने उसे व उसके साथ दो और युवकों को हवालात की हवा खिलाई। थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया। हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार ने श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स को बताया कि दीपक सिंह पुत्र मातुसिंह निवासी भालेरी चूरू ने देर रात सूचना दी कि वह बीकानेर मंडी से सरसों बेचकर आ रहा था और लखासर भैरव के दर्शन करने रुका तो कुछ युवकों ने उससे मारपीट करते हुए ढाई लाख रुपए लूट लिए है। लूट की सूचना पर पुलिस तुरंत एक्टिव हुई और टीम के साथ सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे व मामले की गहनता से जांच की। सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया और कठोर पूछताछ की गई। पुलिस ने बताई गई कहानी से एकदम उलट घटना सामने आई। यहां दीपक सिंह व लखासर निवासी मदनसिंह और भवानीसिंह शराब के नशे में आपस में झगड़ पड़े थे। इस पर पुलिस ने मदनसिंह व भवानी सिंह सहित दीपकसिंह को भी पुलिस का समय व धन अपव्यय करने और झूठी सूचना देने के आरोप में गिरफ्तार कर थाने पहुंचाया।



