






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अप्रैल 2022। श्रीडूंगरगढ़ राजकीय चिकित्सालय में शुक्रवार को दिन भर रेलमपेल चलती रही और लोगों का भारी जमावड़ा चिकित्सालय में लगा रहा। चारों ओर निरोगी श्रीडूंगरगढ़ की चर्चाएं एवं रोगग्रस्त लोगों के उपचार का प्रयास। यही सब देखने को मिला चिकित्सालय में आयोजित ब्लॉक हेल्थ मेले में। ब्लॉक सीएमएचओ डॉक्टर संतोष आर्य ने बताया कि शिविर में 14 चिकित्सकों एवं कुल करीब 50 चिकित्साकर्मियों ने सेवाएं दी। शिविर के दौरान चिकित्सालय में 2100 से अधिक नागरिकों, रोगियों की पहुंच रही। जिन्हें स्वास्थ्य के संबध में जागरूक करने संबधी कार्य किए गए। इनमें से 1070 ओपीडी रही और इन रोगियों को विभिन्न विशेषज्ञों ने जांच कर दवाईयां दी। शिविर में सभी प्रकार की सामान्य जांचें एवं 167 रोगियों की बीपी, शुगर आदि जांचे की गई। शिविर में 51 रोगियों को टेली कसंल्टेशन भी दिया गया। शिविर के दौरान 27 कोविड टीकाकरण भी हुए एवं 2 परिवारों का चिरंजीवी पंजीकरण किया गया। शिविर में 55 दिव्यांगों के दिव्यांग प्रमाण पत्रों हेतु जांच की गई एवं प्रमाण पत्र जारी करने के लिए रिपोर्ट जिला स्तर पर भेजी गई। शिविर का उद्घाटन पंचायत समिति प्रधान सावित्री देवी गोदारा, पूर्व उपप्रधान केशराराम गोदारा ने रिबन काट कर किया। इस दौरान चिकित्सकों सहित मनोज पारख, संदीप मारू, यूसुफ, श्याम दर्जी, श्रीराम नायक, रामकिशन गावड़िया, राजेश मण्डा सहित कई नागरिक मौजूद रहे। शिविर के दौरान प्रधान सावित्री देवी गोदारा में स्वास्थ्य मेले का अवलोकन किया और कहा की इस प्रकार के मेले के आयोजन से आमजन में सरकार की योजनाओं की जानकारी होती है आमजन को एक छत के नीचे स्वास्थ्य संबंधी सभी कामों के होने से आमजन को लाभ मिलने की बात कही। मेले के दौरान जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर बीएल मीणा एवं चिकित्सा विभाग के संयुक्त निदेशक डाक्टर देवेन्द्र चौधरी भी श्रीडूंगरगढ़ पहुंचें। दोनो अधिकारियों ने मेले का अवलोकन किया एवं लोगों तक अधिकाधिक लाभ पहुंचाते हुए स्वस्थ श्रीडूंगरगढ़ की अवधारणा को साकार करने के लिए प्रयासरत रहने की आह्वान किया।




मेले का प्लस-माईनस।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के लिए महत्वाकांक्षी इस मेले में प्रमुख लक्ष्य यही था कि चिरंजीवी के लिए अधिकाधिक प्रचार कर अभी तक इस योजना से वंचित परिवारों को मौके पर ही जोड़ा जाए। मेले में प्रचार तो अधिकाधिक हुआ लेकिन साईट ठप्प होने से पंजीयन केवल दो परिवारों का ही हो पाया। मेले के उद्घाटन अवसर पर प्रधान सावित्री देवी ने स्वंय के परिवार का चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में रजिस्ट्रेशन करवाया एवं मौजूद लोगों से अधिकाधिक संख्या में पंजीयन करवाने का आह्वान किया। लेकिन साईट नहीं चलने से लोगों को मायूसी का सामना करना पड़ा। शिविर के इस माईनस पांईट के विपरीत मेले का प्लस पॉइंट मेले के दौरान चिकित्सकों द्वारा रोगियों को देखने की व्यवस्थाएं रही। स्थान अभाव के कारण मेले का आयोजन चिकित्सालय की छत पर किया गया लेकिन फिर भी दो चिकित्सकों की नियुक्ति चिकित्सालय प्रांगण में नीचे ही की गई। ताकी बुजुर्गों, विकलांगों को सीढियां चढ़ने की तकलीफ का सामना नहीं करना पड़ें। हालांकि फिर भी कई बुजुर्ग मेला देखने के लिए सीढियां चढ़ कर मेले में घुमें जरूर। वहीं मेले के दौरान योगाभ्यास भी मेले का प्लस पॉइंट रहा। स्वास्थ्य मेले में बीकानेर से आए फिजिशियन डाक्टर राकेश वर्मा, दंत रोग विशेषज्ञा डाक्टर डोनी राठी, एडस विशेषज्ञा डाक्टर सोनिया व स्थानीय चिकित्सक डाक्टर एसके बिहानी, डाक्टर संतोष आर्य, डाक्टर जगदीश गोदारा, डाक्टर रविन्द्र गोदारा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डाक्टर सुनील गोयल, स्त्री रोग विशेषज्ञ डाक्टर शंकरलाल, आयुष चिकित्सक अभिषेक चिराणिया, सहीराम, मिथिलेश और बीपीएम डाक्टर राकेश थालोड़ ने सेवांए दी।





