May 20, 2026
26jan

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 अप्रैल 2022। कस्बे के वार्ड 2 में भंवरलाल नायक के घर मातम पसरा है और यहां एकत्र रिश्तेदारों की भीड़ में एक साल की मासूम पिता की लाडली अपने पिता ढूंढ रही है। अभी तो नन्ही परी केवल पापा ही बोलना सिख पाई है और उसके पापा मात्र 21 वर्षीय युवा रामप्रताप आज सुबह कालू रोड पर हुई सड़क दुर्घटना में असमय काल का ग्रास बन गए है। रामप्रताप दो दिन पहले ही नई मोटरसाइकिल लेकर आया और आज उसी मोटरसाइकिल पर मौत का बुलावा आ गया। युवक रामप्रताप पुत्र भंवरलाल नायक अपनी बहन से मिलने राजपुरिया लूणकरणसर जा रहा था। उसके साथ उसके चाचा का लड़का महेन्द्र पुत्र राजूराम नायक भी था। दोनों युवक श्रीडूंगरगढ़ से निकले ही थे कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए और रामप्रताप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। महेन्द्र को गंभीर अवस्था में बीकानेर रेफर किया गया है। रामप्रताप के घर में ही नहीं मोहल्ले में व उसके यार दोस्तो में काल की क्रुरता के लिए घोर शोक छा गया है। हालांकि नई मोटरसाइकिल के साथ हेलमेट भी आया परंतु मोटरसाइकिल के हैंडल में लटकता हेलमेट भंवरलाल के घर के चिराग की रक्षा नहीं कर पाया। बिना हेलमेट दुर्घटना में रामप्रताप को सर पर गंभीर चोट आई और मौके पर ही प्राण चले गए। कस्बे के बाजार में हर चौराहे पर बिना हेलमेट तेज गति में दुपहिया वाहन चलाने वाले युवाओं और काल का शिकार बनने पर उनके परिवारों के हालातों की ही चर्चा हो रही है। आम नागरिकों का कहना है कि पुलिस को भी हेलमेट अनिवार्य करने की सख्ती को लेकर अभियान चलाना चाहिए जिससे युवा हेलमेट का प्रयोग करना प्रारंभ करें।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 21 वर्षीय युवक बना काल का ग्रास, एक वर्षीय मासूम तलाश रही अपने पापा को।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रामप्रताप दो दिन पूर्व ही लाया नई मोटरसाइकिल, हैंडल में लटकता रहा हेलमेट।