






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 मई 2022। श्रीडूंगरगढ़ में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही है और आज दिन दहाड़े चोरों ने एक मकान के ताले तोड़ कर सामान चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने भी तु डाल डाल मैं पात पात का हिसाब किया व चोरों को धर दबोचते हुए सामान बरामद कर लिया। थानाधिकारी के निर्देशन में हेड कांस्टेबल आवड़दान चारण की टीम ने 45 वर्षीय मुखराम पुत्र धन्नाराम जाट निवासी नौरंगदेसर तथा 69 वर्षीय चुन्नीलाल पुत्र कचनराम मेहरा निवासी मेहरा का बास, बीकानेर को गिरफ्तार कर लिया व दोनों से सामान भी बरामद कर लिया। पुलिस ने चोरों के पीछे लगातार दबीश दी और तत्काल पकड़ने में सफलता हासिल की। वारदात के खुलासे में हेड कांस्टेबल आवड़दान चारण के साथ कांस्टेबल राजवीर ढाका व अनिल का उल्लेखनीय योगदान रहा।
वंसुधरा नगर में तोड़े ताले, मकान मालिक के साथ ही पहुंची पुलिस।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के वसुन्धरा नगर निवासी पवन कुमार पुत्र आसाराम सुथार के घर के ताले तोड़ कर चोर घुस गए। सुथार ने पुलिस को बताया कि वे यहां परिवार सहित रहते है और आज भतीजी के विवाह में भाग लेने बीकानेर गए थे। मकान पड़ौसी महावीर शर्मा को संभाल के लिए कह कर निकल गए और सुबह पौने ग्यारह बजे पड़ौसी शर्मा की पत्नी ने फोन पर सूचना दी कि आपके घर के ताले टूट गए है। उन्होंने बताया कि जब वे बाहर निकली तो दो लड़के जिन्होंने लाल नीली शर्ट व काले रंग में सफेद धारी की शर्ट पहनी थी घर से एलईडी टीवी लेकर भाग रहें थे। महिला के शोर मचाने पर वे भाग गए। पवन ने घर पहुंच कर देखा तो 55 इंच एलईडी टीवी, पूजाघर में रखे 1230 रूपए, पत्नी का आधार कार्ड, स्वयं का ड्राईविंग लाइसेंस गायब मिला। पवन ने पुलिस को ईतला दी व पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।





