






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 मई 2022। नगरपालिका श्रीडूंगरगढ़ गत वर्षों से लगातार भ्रष्टाचार के लिए चर्चाओं में है और अब पालिका के भीतर ही घमासान मचा है जिससे जनता में भी आक्रोश का भाव पैदा होने लगा है। साधारण जनता के कोई काम नहीं हो रहें है और प्रशासनिक व राजनीतिक शिथिलता का शिकार पालिका में नागरिक चक्कर काट काट परेशान हो गए है। आज कर्मचारी उपखंड अधकारी डॉ. दिव्या चौधरी के समक्ष पेश हुए व ईओ व पालिका अध्यक्ष के द्वारा किए जा रहें दुर्व्यवहार व पद के दुरूपयोग की शिकायत की है। कर्मचारियों ने कहा कि ईओ भवानीशंकर ने जोधपुर चलपीठ के स्थगन आदेश पर स्वयं के स्तर पर कार्यभार ग्रहण कर लिया व लेखा जोखा विभाग द्वारा स्थगन आदेश व विभागीय अनुमति मांगे जाने पर उपलब्ध नहीं करवाए गए। स्थगन आदेश मांगने पर विभाग के रविशंकर जोगी को एपीओ कर दिया गया। कर्मचारियों द्वारा विरोध करने पर जोगी को निदेशक कोष एवं लेखा कार्यालय जयपुर हेतु कार्यमुक्त कर दिया गया। कर्मचारियों ने बताया कि ईओ ने दुर्व्यवहार की अति करते हुए कर्मचारियों के शिविर में उपस्थित होने, मौका रिपोर्ट करने गए होने के उपरांत जानबूझकर अनुपस्थिति दर्शाने का प्रयास किया तथा कार्यालय की उपस्थिति पंजिका भी उपलब्ध नहीं करवाई जाती है। ईओ बिना नक्शे, बिना रिकॉर्ड के मनचाही रिपोर्ट करवाने के लिए कर्मचारियों पर अनावश्क दबाव बनाते है। यशवंत बाजिया को बुरी तरह से मानसिक प्रताड़ना दी गई है। कुछ पार्षद प्रतिनिधि इनके सहयोग के लिए कार्यालय के कार्यो में बुरी तरह से दखलअंदाजी करते है। कर्मचारियों ने कहा कि उच्च अधिकारी द्वारा अविलम्ब न्याय दिया जाए जिससे पालिका का माहौल शांतिपूर्वक हो सके।
रोज चक्कर काट रहें है बुजुर्ग संगीतकार, बेटे ने जताया विरोध।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के बुजुर्ग संगीतकार भंवरलाल स्वामी अपना पट्टा बनवाने के लिए रोजाना पालिका में चक्कर काट कर आ रहें है। परंतु उन्हें शीघ्र कार्य हो जाने का झांसा दिया जा रहा है। आज उनके पुत्र सुभाष स्वामी ने पालिका ईओ को शिकायती पत्र देकर कस्बे में सैंकड़ो नागरिकों द्वारा पालिका द्वारा कार्य नहीं किए जाने से बुरी तरह से परेशान होने की बात कही। स्वामी ने कहा कि पालिका के हालात शर्मनाक है और आमजन बेहाल है।




