






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 मई 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी रेल विभाग से आई है। रेलवे ने प्रयागराज ट्रेन का विस्तार बीकानेर तक कर दिया है और ये गाड़ी 25 मई से बीकानेर से विस्तारित रूप में चलेगी। श्रीडूंगरगढ़ के जयपुर रहने वाले विद्यार्थी, नौकरीपेशा, व्यापारी, श्रमिकों में खुशी की लहर दौड़ गई है उन्हें अब रोजाना आने जाने का सुलभ साधन मिल सकेगा।
सूडसर नहीं होगा स्टोपेज, श्रीडूंगरगढ़ रूकेगी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रयागराज बीकानेर गाड़ी बीकानेर से नापासर व श्रीडूंगरगढ़, राजलदेसर, रतनगढ़ स्टोपेज लेगी और हमारे क्षेत्र में सूडसर में गाड़ी का ठहराव नहीं होगा। रेलवे अधीक्षक राजकुमार सोनी ने बताया कि प्रयागराज बीकानेर तक संचालित होने वाली ये ट्रेन अब यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन जयपुर से सीकर, झुंझुनूं, लोहारू, सादुलपुर, चूरू व रतनगढ़ से होते हुए बीकानेर तक संचालित होगी एवं सप्ताह में चार दिन जयपुर से सीकर, चूरू, रतनगढ़ के रास्ते बीकानेर तक संचालित होगी। विधायक गिरधारीलाल महिया ने सूडसर में ठहराव नहीं होने पर रेलवे को पत्र भेजते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। विधायक ने कहा कि रेलवे द्वारा बीकानेर रेल मंडल के श्रीडूंगरगढ़ और नापासर रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव की अनुमति दी गई है किंतु जयपुर के लिए सीधी ट्रेन की मांग को दरकिनार करते हुए सूडसर रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव को अनुमति नहीं दी गई है, जो कि सूडसर सहित आसपास के क्षेत्र के हजारों यात्रियों के साथ अन्याय है। विधायक महिया ने कहा कि सूडसर एक उपतहसील है और इसका क्षेत्र विस्तृत होने से यात्रीभार भी ज्यादा होगा ऐसे में क्षेत्रवासियों के साथ अन्याय नहीं होने देगे।
रेल संघर्ष समिति ने दी क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं, तीर्थ यात्रियों को मिलेगा लाभ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इस ट्रेन के चलने से शेखावाटी और बीकानेर अंचल बृजनगर, गोवर्धन, मथुरा व प्रयागराज आदि धार्मिक स्थलों व ताजमहल के लिए प्रसिद्ध आगरा और मेनचेस्टर ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध कानपुर जैसे बड़े शहरों से सीधा जुड़ गया है, जिसका फायदा श्रीडूंगरगढ़ इलाके को मिलेगा। रेल संघर्ष समिति द्वारा बीकानरे जयपुर ट्रेन की लगातार मांग रेल विभाग से की जा रही थी। समिति द्वारा प्रयागराज का विस्तार बीकानेर तक करने की मांग भी की जा रही थी। समिति के तोलाराम मारू ने कहा कि इससे क्षेत्र के सैंकड़ो तीर्थ यात्रियों को लाभ मिलेगा। मारू ने जयपुर की ट्रेन होने पर प्रसन्नता प्रकट करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
यह रहेगा ट्रेन का टाइम टेबल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बहुप्रतिक्षित ट्रेन नम्बर 12403 और 12404 प्रयागराज-जयपुर-प्रयागराज सुपरफास्ट गाड़ी अब बीकानेर व शेखावाटी अंचल से होकर अब सीकर, फतेहपुर शेखावाटी व चूरू के रेलमार्ग से तथा सीकर, नवलगढ़, झुंझुनूं, चिड़ावा, लोहारू, सादुलपुर व चूरू से होकर बीकानेर तक चलेगी। उद्घाटन ट्रेन 25 मई, 2022 को बीकानेर से चलेगी जो चूरू, फतेहपुर शेखावाटी व सीकर, जयपुर रेलमार्ग से होकर प्रयागराज जाएगी। रेल मंत्रालय से 23 मई, 2022 को जारी आदेश पत्र के अनुसार ट्रेन नम्बर 12403 प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार व रविवार को प्रयागराज से रात्रि 11 बजकर 10 मिनट पर चलकर फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, इटावा जंक्शन, फतेहाबाद, आगरा केन्ट, मथुरा जंक्शन, गोवर्धन, डीग, ब्रिजनगर, अलवर, बांदीकुई जंक्शन, दौसा, गांधीनगर होते हुए अगले दिन यानि गुरुवार, शनिवार और सोमवार को दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर जयपुर पहुंचेगी। यह गाड़ी जयपुर से 12 बजकर 40 मिनट पर रवाना होकर रींगस में ठहराव करते हुए दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर सीकर पहुंचेगी। सीकर से 2 बजकर 40 मिनट पर चलकर नवलगढ़ में ठहराव करते हुए लगभग 3 बजकर 40 मिनट पर झुंझुनूं पहुंचेगी। यह गाड़ी लगभग शाम 4 बजकर 30 मिनट पर चिड़ावा, 4 बजकर 50 मिनट पर लोहारू, 6 बजकर 55 मिनट पर चूरू तथा रात्रि 10 बजकर 25 मिनट पर बीकानेर पहुंचेगी। यह गाड़ी सादुलपुर, रतनगढ़, श्रीडूंगरगढ़ व नापासर में भी रुकेगी। ट्रेन नम्बर 12404 बीकानेर-प्रयागराज सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार, शनिवार व सोमवार को बीकानेर से सुबह 5 बजे रवाना होकर नापासर, श्रीडूंगरगढ़ व रतनगढ़ में ठहराव करते हुए सुबह 7 बजकर 50 मिनट पर चूरू पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन सादुलपुर में ठहराव के बाद 10 बजकर 45 मिनट पर लोहारू पहुंचेगी। यहां से 10 बजकर 50 मिनट पर रवाना होकर चिड़ावा में ठहराव करते हुए लगभग 11 बजकर 50 मिनट पर झुंझुनूं पहुंचेगी। इसके बाद यह गाड़ी नवलगढ़ में ठहराव करते हुए दोपहर एक बजे सीकर और दोपहर 2 बजकर 50 मिनट पर जयपुर पहुंचेगी। जयपुर से यह गाड़ी 3 बजकर 20 मिनट पर चलकर गांधीनगर, दौसा, बांदीकुई जंक्शन, अलवर, ब्रिजनगर, डीग, गोवर्धन, मथुरा जंक्शन, आगरा केन्ट, फतेहाबाद, इटावा जंक्शन, कानपुर सेंट्रल व फतेहपुर में ठहराव करते हुए प्रत्येक मंगलवार, शुक्रवार व रविवार को सुबह 4 बजकर 45 मिनट पर प्रयागराज पहुंचेगी।



