






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 मई 2022। सोमवती अमावस्या पर आज महिलाओं ने बड़ पीपल का पूजन कर घर मे सुख शांति की कामना की। आडसर बास हनुमान जी मन्दिर में महिलाओं ने बड़ के वृक्ष की 108 फेरियां निकाली व उसके पत्तों के गहने भी पहन कर अखंड सौभाग्य की प्रार्थना की। महिलाओं ने पानी के घड़े, हाथ पंखें, चीनी के ओले, आम व अन्य फलों का दान किया। पीपल व बड़ के वृक्षों में पानी की टंकियां भी डलवाई गई। श्री करणी गौसेवा समिति गौशाला कोटासर में श्रद्धालुओं का तांता लग गया और गौवंश को तरबूज खिलाए गए। गोपाल गौशाला सहित अन्य गौशालाओं में भी गौवंश का पूजन किया गया व महिलाओं ने बड़ी संख्या में गौवंश को गुड़ और हरी सब्जियां खिलाई। मंदिरों में भी रौनक रही व पाठ पूजा का दौर चला। सोनियासर मिठिया में हरिरामजी के मंदिर में सुंदरकांड का पाठ किया गया वहीं शाम को गांव की गोपाल गौशाला में सुंदरकांड का पाठ का आयोजन किया जाएगा। आडसर बास ठाकुरजी मंदिर में ठाकुर जी का श्रृंगार किया गया व भजन कीर्तन का आयोजन हुआ। कस्बे के प्राचीन शनि मंदिर में भव्य आयोजन हो रहें है व सैंकड़ो श्रद्धालुओं का शनि दर्शन के लिए तांता लगा हुआ है। यहां आज शाम जागरण का आयोजन होगा। गांव गांव में लोग भगवान शनि को याद कर गरीब असहाय को दान पुण्य दे रहें है। आडसर बास वार्ड 29 के हरिराम जी मंदिर में सावित्री अमावस्या पर आज हवन पूजन का आयोजन करवाया गया। पंडित श्रवण कुमार पुजारी ने बताया कि महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा अर्चना की व पंडित कृष्ण शर्मा के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन पूजन संपन्न करवाया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने हवन में भाग लिया तथा वट सावित्री व्रत की कथा सुनी।

















