






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 जुलाई 2022। क्षेत्र के गांव आड़सर में 11 हजार की विद्युत लाइन से सपोर्ट के लिए खड़े तार से करंट गीली जमीन में उतर गया। यहां से करीब 25 फिट दूर झोंपड़े में बंधी दो दुधारू गाय को चपेट में लेकर मौत की नींद सुला दिया। किसान जगदीश सोनी ने बताया कि गनीमत रही की कोई इंसान हादसे के समय आस पास नहीं था जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। गांव आड़सर की रोही में मोमासर की ओर जाने वाले मार्ग पर दायीं ओर स्थित पहले ही खेत में ये दुर्घटना हुई है। 11 हजार की विद्युत लाइन का एक डिसइंसुलेटर टूट गया जिससे सपोर्ट के लिए खड़ी तणी से लाइन का तार छू गया। इस तणी से बरसात में गीली हुई जमीन में करंट प्रवाहित हुआ व 25 फीट दूर छपरे में बंधी दो गायों तक पहुंच गया। दोनों दुधारू गायों की मौके पर ही मौत हो गई। सोनी ने सूचना देकर बिजली सप्लाई कटवाई। बिजली विभाग के आडसर जीएसएस से कर्मचारी भी तुरंत मौके पर पहुंच गए। कर्मचारी लाइन दुरस्त करने की कार्रवाई कर रहें है तथा सरपंच प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद है। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए है और विभाग पर लापरवाही का आरोप लगा रहें है। ग्रामीण किसान को हुए आर्थिक नुकसान के लिए मुआवजा देने की चर्चा कर रहें है वहीं किसान परिवार की आंखे गायों की मौत से नम है।







