






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अगस्त 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में लंपी रोग ग्रस्त गौवंश के लिए अनेक सेवा कार्य हो रहें है। आप भी पढ़ें श्रीडूंगरगढ़, ऊपनी, कोटासर, बिग्गा से एक साथ कुछ खास खबरें।
पसीजा पशुधन सहायक का हृदय।श्री
डूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में लंपी के निरंतर बढ़ते कहर को देखते हुए अनेक नागरिक गौवंश की मदद के लिए आगे बढ़कर अपना योगदान दे रहें है। दिन रात पशुओं का इलाज करने वाले गांव ऊपनी के पशुधन सहायक सुरेंद्र सोनी का हृदय गौवंश के हालात देखकर पसीज गया और उन्होंने वसुदेव गौशाला में 151 गौवंश के लिए इंजेक्शन, बोलस, मिनरल मिक्चर, कैल्शियम, परजीवी नाशक, दस्त निवारक, भूख, कमजोरी आदि अनेक प्रकार की दवाइयों का दान दिया। सोनी ने अपने भाई राजीव सोनी के साथ मिलकर 50 हजार से अधिक की राशि का ये सहयोग दिया है। इस पर गौशाला प्रांगण में गांव के मौजिज ग्रामीण पुरखाराम गोदारा, हरिराम गोदारा, नरसाराम ने सोनी का माला, साफा पहना कर शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। इस दौरान गोपाल, अखाराम, मेगाराम, शंकर कस्वां, ओमप्रकाश, बिहारीदान, कोमल चारण सहित उपस्थित अनेक ग्रामीणों ने उनके योगदान की सराहना की। सोनी ने भी गौवंश के लिए आए इस कठिन समय में ग्रामीणों से सेवा के लिए आह्वान किया।

बिग्गा में रेस्क्यू सेंटर में बेसहारा गौवंश की हो रही है सेवा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बिग्गा में वीर बिग्गाजी सेवा समिति द्वारा बनाए गए रेस्क्यू सेंटर में गत 10 दिनों से गांव की बेसहारा लंपी ग्रस्त गौवंश की देखभाल, दवाई, चारे, पानी की व्यवस्था सुचारू जारी है। यहां समाज सेवी बृजलाल सारस्वत दवाई खर्च का सहयोग दे रहें है। पुष्करणा बास के युवा देशी दवाई बनाकर गौवंश को पिला रहें हैं और गांव के युवाओं के व्हाट्सएप ग्रुप से भी सहयोग प्राप्त हो रहा है। समिति के युवा यहां तन मन से अपनी सेवाएं दे रहें है। युवाओं ने बताया कि समिति का प्रयास है कि कोई गौवंश इलाज के अभाव में प्राण ना गंवाए।

दुलचासर निवासी महिया ने गौशाला में ट्रैक्टर दिया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दुलचासर निवासी अनिल पुत्र अशोक महिया ने कोटासर गांव की श्री करणी गौसेवा समिति गौशाला में एक ट्रैक्टर भेंट दिया है। अनिल ने गत दिनों गौशाला प्रांगण में आयोजित गौकथा के आयोजन में मेसी ट्रेक्टर की घोषणा की जो पूरी करते हुए ट्रेक्टर गौशाला समिति के सुपुर्द कर दी है। समिति के अगरसिंह ने बताया कि गौशाला में परिवहन के लिए ट्रेक्टर की महत्ती आवश्यकता थी जो अनिल अशोक महिया द्वारा पूरी की गई है। इस दौरान अनेक ग्रामीण मौजूद रहे व समिति की ओर से इनका सम्मान किया गया।

बाफना ने किया 51 हजार का सहयोग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लंपी के कहर के बीच गौवंश की सेवा में जुटी कस्बे की संस्था आपणों गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति को गौवंश की सेवा हेतु कालीकट प्रवासी राजकुमार रमित कुमार बाफना ने अपनी माता व दादी की स्मृति में 51000 का राशि सहयोग दिया है। इस सेवा के प्रेरक अशोक झाबक ने बताया कि बाफना लगातार स्थानीय संस्थाओं में सहयोग देने के लिए तत्पर रहते है।



