






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 सितंबर 2022। सरकारी आयोजनों में शिकायतें होना तो आम बात है परंतु आज श्रीडूंगरगढ़ में बच्चे भूख प्यास से बेहाल खाना दो खाना दो चिल्लाते नजर आए। बता देवें सरकार द्वारा करोड़ो रुपए का बजट खर्च कर आयोजित करवाए जा रहें ग्रामीण ओलंपिक का आज ब्लॉक स्तरीय उद्घाटन हुआ है। शिक्षा विभाग की व्यवस्थाएं यहां फिसड्डी साबित हो रही है और ग्रामीण क्षेत्रों से आए हजारों खिलाड़ी भूख से बेहाल हो रहे है। इन खिलाड़ियों के लिए निर्धारित भोजनशाला का दरवाजा दोपहर सवा एक बजे बंद मिलने से खिलाड़ी नाराज हो गए है। कुछ नाराज होकर चले गए और अनेक खिलाड़ी इस भोजनशाला के खुलने का इंतजार कर रहें है। युवाओं ने विभाग पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए शोर मचाना प्रारंभ कर दिया। मौके पर पुलिस पहुंच गई है और बच्चों से समझाईश कर उन्हें शांत किया जा रहा है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शीशराम कुलहरि ने टाइम्स को बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है और मौके पर भोजन व्यवस्था के इंचार्ज को भेज दिया गया है।
व्यवस्था में हुई चूक, जिम्मेदार कौन.?
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विभाग को पूरी जानकारी थी 293 टीमों के 3320 खिलाड़ी आज यहां खेलेंगे। इस जानकारी के बावजूद व्यवस्था में चूक हुई और दोपहर डेढ़ बजे तक खिलाड़ियों को भोजन नहीं मिल पाया है। लोगों का कहना है कि मामले की लीपापोती में लगे विभाग को इतने बड़े आयोजन में भोजन के लिए ठीक से व्यवस्था करनी चाहिए।




