






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 सितंबर 2022। तोलियासर के मुख्य मेले के दिन 9 सितंबर को श्रीडूंगरगढ़ की शांत फिजाओं को उद्वेलित करने वाली घटना हुई जिसकी नागरिकों ने एक स्वर में भर्त्सना की। युवक सांवरमल की चाकू मारकर हत्या के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हुए उग्र प्रदर्शन को पुलिस ने दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तार का आश्वासन दिया। दो दिन की मियाद सोमवार को पूरी हो जाने और पुलिस के हाथ अभी तक खाली होने पर नाराज परिजन व भाजपा नेता सहित अनेक नागरिक जिला प्रशासन के यहां पहुंचे। भाजपा नेता ताराचंद सारस्वत, रामगोपाल सुथार, छैलूसिंह शेखावत सहित अनेक युवाओं ने पुलिस अधीक्षक को पत्र सौंपते हुए पुलिस और अनेक आरोप लगाए। तोलियासर सरपंच द्वारा बार बार अनुरोध करने के बाबजूद पुलिस द्वारा मेले की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने, मुख्य अभियुक्तों को पकड़ने में अभी तक नाकाम रहने, 14 सितंबर तक गिरफ्तारी नहीं होने पर जन आंदोलन करने, थाने में अनिश्चित कालीन धरना देने तथा मृतक के आश्रितों को 20 लाख मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तारी के लिए पुरजोर प्रयास किए जाने की बात कही। बता देवें क्षेत्र वासियों में घटना के प्रति रोष भरा है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।





