May 20, 2026
0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 अक्टूबर 2022। क्षेत्र के प्रसिद्ध पूनरासर धाम के हनुमान मंदिर में गगन भेदी जयकारों के साथ शरद पूर्णिमा का मेला भरा। मंदिर के पुजारी पवन बोथरा द्वारा आज सुबह ब्रह्म मुहूर्त में गंगाजल व पंचामृत सहित बाबा का विशेष श्रृंगार कर पूजा अर्चना की गई। मंदिर में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा और श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा के दर्शन किए। भक्तों ने आटे-घी-शक्कर से बने चूरमे का भोग लगाकर सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं ने खेजड़ी बालाजी मंदिर मेें भी धोक लगाई और खेजड़ी को मोली बांधकर मन्नतें मांगी। श्रद्धालुओं ने अंजनि माता मंदिर, रामदरबार मंदिर में भी माथा टेका। यहां अनेक सेवादार पग-पग श्रद्धालुओं की मनुहार करते नजर आए। गांव के जयराम भोजनालय, श्रीराम भोजनालय में दो दिनों तक बाबा का भंडारा चला है। मंदिर परकोटे के बाहर सावित्री भवन के सामने भव्य जागरण का आयोजन हुआ। जिसमें बीकानेर की पूजा रामावत, कौशल्या रामावत एंड पार्टी ने बाबा के भजनों की प्रस्तुतियां देकर भक्ति का समा बांध दिया। पुजारी ट्रस्ट के मंत्री मोतीलाल बोथरा ने बताया कि मेले के दो दिनों मे 25 क्विंटल आटा, 25 टिन घी व आठ क्विंटल शक्कर का वितरण किया गया। मेलेें में सैरूणा एसएचओ रामचंद्र ढ़ाका के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। गांव सूडसर के मनसापूर्ण हनुमानजी मंदिर परिसर में शरद पूर्णिमा महोत्सव मनाया गया। पुजारी महेश स्वामी, गणेश स्वामी, मोहन स्वामी, किशन स्वामी ने बाबा का विशेष श्रृंगार व पूजा अर्चना की। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ कर बाबा से संकट काटने की अरदास की। मंदिर परिसर में ही पांच क्विंटल दूध से विशेष खीर प्रसाद बनाया गया है। वहीं गांव दुलचासर की रोही में बने खेजड़ी बालाजी मंदिर में दिन भर श्रीरामचरित मानस के स्वर अखंड पाठ चलें। सोमवार को इस धार्मिक आयोजन की विधिवत पूर्णाहुति के बाद बाबा की विशेष पूजा अर्चना व चूरमें का भोग लगेगा। श्रीडूंगरगढ़ के हनुमान धोरा मंदिर में फूलों से सजावट की गई और यहां कस्बे से सैंकड़ो श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। बिग्गा बास के हनुमान मंदिर में बाबा का विशेष पूजा आरती की गई।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूनरासर बाबा का किया भव्य श्रृंगार के साथ विशेष आरती पूजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। खेजड़ी बालाजी के दर्शन कर बांधे मन्नत के धागे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने लगाए बाबा के जयकारे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। हनुमान धोरा मंदिर में फूलों की सजावट की गई।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूनरासर हनुमानजी मंदिर में सैंकड़ो श्रद्धालुओं ने किए दर्शन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बिग्गा बास वार्ड नं 21 में मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के पंडित महावीर औझा ने बताया कि 101किलो खीर व 21किलो मतिरा का भोग लगाया जाएगा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंदिर परिसर से बाहर दूर तक लगी रही कतारें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बड़ी संख्या में श्रद्धालु हनुमान मन्दिरों में  धोक लगाने पहुंचे।