May 21, 2026
00100

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 नवंबर 2022। मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को आज भैरव बाबा का अवतरण दिवस है। मान्यताओं के अनुसार काल भैरव को भगवान शिव का पांचवा अवतार माना जाता है और आज क्षेत्र के प्रसिद्ध तोलियासर धाम में भैरव नाथ का बीकानेर से आए कलाकारों ने अर्धनारीश्वर रूप में अद्भुत श्रृंगार किया है। मंदिर प्रांगण को भी गुब्बारों से सजाया गया है। बाबा के दिव्य दर्शन के लिए अलसुबह से ही श्रद्धालु श्रीडूंगरगढ़ से पैदल रवाना होने लगे है व दर्शन करने पहुंचने लगे है। आज दोपहर केंद्रीय मंत्री व सांसद अर्जुनराम मेघवाल भी मंदिर प्रांगण में पहुंचेंगे। वहीं संभागीय आयुक्त नीरज के पवन, जिलाकलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल भी दर्शन करने पहुंचने की भी सूचना है। आज सैंकड़ो श्रद्धालु बाबा के दर्शन पूजन करेंगे। श्री भैरव भक्त मंडल श्रीडूंगरगढ़ द्वारा बाबा के अवतरण दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में पीबीएम की रक्त संग्रहण टीम रक्तदाताओं का रक्त लेगी तथा दोपहर 2 बजे तक श्रद्धालु रक्तदान कर सकेंगे। महाआरती के साथ ही महाप्रसाद व केक का भोग लगाया जाएगा तथा रात्रि को जागरण का आयोजन भी किया जाएगा। बता देवें पंच दिवसीय हवन पूजन का आयोजन सम्पूर्ण हो गया है। बीती रात भैरव अष्टोत्तर जप किया गया व भैरव बाबा का आकर्षक श्रृंगार किया गया है।

बिग्गा पहुंचेंगे सैंकड़ो श्रद्धालु, भरेगा मेला।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बिग्गा के भैरव मंदिर में आज अवतरण दिवस पर मेला भरेगा। पंडित पुजारी भगवानाराम सेवग ने बताया कि मन्दिर को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया है तथा 10.30 बजे महाआरती के बाद चूरमे का भोग लगाया जाएगा। दोपहर को हवन का आयोजन होगा तथा शाम की आरती में बाबा को 51 किलो के केक का भोग लगाया जाएगा। यहां भी रात्रि जागरण का आयोजन भी होगा।