May 21, 2026
00100

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 नवंबर 2022। पंचायत समिति सभागार में आयोजित बीएलओ कार्यशाला में उपखंड अधिकारी डॉ दिव्या चौधरी ने मतदाता पंजीकरण के शत प्रतिशत आंकड़े को पार करने का आह्वान क्षेत्र के सभी बीएलओ से किया। उन्होंने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ निर्वाचन क्षेत्र के 82.85 प्रतिशत मतदाता अपने एपिक को आधार से लिंक करवा चुके हैं। चौधरी ने 17 वर्ष से अधिक और 18 वर्ष के युवाओं को मतदाता पंजीकरण के लिए जागरूक होने और स्वयं जुड़ कर अपने परिजनों व पड़ौसियों को भी जोड़ने का संदेश दिया। तहसीलदार राजवीर सिंह कड़वासरा ने पंजीकरण तथा आधार लिंकेज में आ रही समस्याओं की चर्चा करते हुए अपेक्षा चिन्तन कर उन्हें दूर कर कार्य को गति देने की बात कही। उन्होंने कहा कि मतदाता को आधार लिंकेज के फायदे बताकर उन्हें प्रोत्साहित करें। पुनरीक्षण में नाम जोड़ने के साथ-साथ ऐसे मतदाता जिनके नाम अनुपस्थित, मृत एवं स्थानांतरित सूची में हो उनके नाम वस्तुस्थिति के आधार पर विलोपित करने की कार्यवाही भी करें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में निःशक्त जन मतदाताओं का पंजीकरण भी सुनिश्चित करें। इससे पूर्व राज्य निर्वाचन प्रशिक्षक डॉ. राधाकिशन सोनी ने पंजीकरण की अर्हता तिथियाँ, आधार लिंकेज तथा मतदाता की प्रविष्टियों के लिए आयोग द्वारा निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सोनी ने बताया कि क्षेत्र के 82.85 प्रतिशत मतदाता अपने एपिक को आधार से लिंक करवा चुके हैं। इस माह में नए नाम जोड़ने हेतु 18665 का लक्ष्य है।  क्षेत्र में 1463 निःशक्तजन व्यक्ति हैं जिनमें से अभी तक 291 व्यक्तियों से मतदाता पंजीकरण आवेदन प्राप्त हुए हैं। बैठक में भव्य कटारिया ने बूथवाइज प्रगति तथा ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में बताया। समीक्षा बैठक दो चरणों में आयोजित की गई और दूसरे चरण में मतदाता पंजीकरण एवं आधार लिंकेज की जानकारी एवं मतदाताओं से अपील सम्बन्धी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यकाल, श्रीडूंगरगढ़ द्वारा प्रकाशित स्टिकर का विमोचन उपखंड अधिकारी ने किया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में पंचायत समिति सभागार में बीएलओ कार्यशाला का आयोजन किया गया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उपखंड अधिकारी डॉ दिव्या चौधरी सहित तहसीलदार राजवीर कड़वासरा, डॉ राधाकिशन सोनी, भव्य कटारिया ने किया स्टिकर का विमोचन।