May 21, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 नवंबर 2022। इंदौर से बीकानेर आने वाली महामना एक्सप्रेस ट्रेन में श्रीडूंगरगढ़ के नागरिक का लाखों की ज्वैलरी से भरा एक बड़ा लेडिज बैग छूट गया। बैग मालिक महावीर प्रसाद गट्टाणी सपरिवार अपने घर पहुंच गए और जब दवाई के लिए बैग ढूंढा तो बैग नहीं मिला। गट्टाणी की पत्नी परेशान हो गई और गट्टाणी ने तुरंत श्रीडूंगरगढ़ रेलवे अधीक्षक राजेन्द्र सोनी को फोन किया। सोनी ने बीकानेर कंट्रोल रूम फोन कर गाड़ी सं 19333 के कोच नम्बर बी 3 में सीट नम्बर 57 व 60 पर एक लेडिज बैग छूट गया। वहीं महावीर प्रसाद ने अपने साहजी गंगाशहर निवासी विजयकुमार लखोटिया को भी सूचित कर दिया। ट्रेन आउटर पर खड़ी रहने के कारण करीब साढ़े ग्यारह बजे बीकानेर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। तभी रेलवे सुरक्षा बल के जवान प्रदीप कुमार ने ट्रेन के बी 3 कोच में पहुंच कर बताई गई सीट नंबर पर काले रंग का वही बैग मिल गया। प्रदीप कुमार ने पूछताछ की तो वह बैग आस पास की किसी ओर सवारी का होना नहीं पाया गया तो वे उसे लेकर कंट्रोल रूम आए। वहीं महावीर प्रसाद गट्टाणी व उनके साहजी विजयकुमार पहुंच गए। रेलवे सुरक्षा बल कार्यालय में गट्टाणी से सामान की तस्दीक करवाई गई। बैग में सोने का बोर, मंगलसूत्र, सोने की मूर्ति, चांदी की पायजेब, सिक्का, सैमसंग का मोबाइल, 15 हजार नगद सहित कुल 1 लाख 25 हजार का सामान सुरक्षित मिल गया। रेलवे की तत्परता से सामान मालिक को सुपुर्द कर दिया गया और महावीर प्रसाद गट्टाणी ने रेलवे की तत्परता के लिए कृतज्ञता प्रकट की तथा राजेन्द्र सोनी, रेलवे सुरक्षा बल प्रदीप कुमार व अपने साहजी विजय कुमार लखोटिया का आभार जताया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रेलवे की तत्परता से ज्वैलरी, नगदी सहित बैग मिला, महावीर प्रसाद ने जताया विभाग का आभार।