May 21, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 दिसम्बर 2022। शोक सभा के दौरान दो गुट आपस में भिड़ गए एवं दोनों ओर से जम कर गालीगलौच करते हुए आपस में मारपीट की गई। दोनो पक्षों की ओर से थाने पहुंच कर परस्पर मामले दर्ज करवाए गए है। यह वारदात हुई क्षेत्र के गांव कोटासर में जहां मालसिंह राजपूत की मां की मृत्यु के बाद शोक सभा का आयोजन चल रहा था एवं उसमें उसके पड़ौसी बन्नेसिंह के परिजन शोक संवेदना जताने पहुंचे। शेरूणा थानाधिकारी रामचंद्र ढाका ने बताया कि पहले पक्ष की ओर से तो कोटासर निवासी विक्रमसिंह ने मुकदमा दर्ज करवाया है। जिसमें उसने बातया कि उसका भाई कुशालसिंह एवं उसकी मां शनिवार को अपने पड़ौसी मालसिंह की मां के देहांत पर रखी गई शोक सभा में शोक संवेदना व्यक्त करने गए थे। मालसिंह के घर बैठक के दौरान मालसिंह की घर की महिलाओं ने कुशालसिंह की मां को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। कुशालसिंह ने बीच बचाव किया तो मालसिंह, भानीसिंह, लिछमणसिंह, जेठुसिंह, गोपालसिंह, विक्रमसिंह, भैंरूसिंह आदि ने एकराय होकर लाठी, डंडों, थाप मुक्कों से कुशालसिंह के साथ मारपीट की। शोर सुन कर कुशालसिंह के घर से अन्य लोग आए एवं दोनों को छुड़वाया। इस दौरान आरोपियों ने कुशालसिंह के जेब से 50 हजार रुपए एवं मोबाईल छीन लिया। आरोपियों ने किसी प्रकार की पुलिस कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से मदनसिंह ने मामला दर्ज करवाया है। मदनसिंह ने विक्रमसिंह, कालूसिंह, कुशालसिंह, राजूसिंह एवं उनकी मां विनोद कंवर के खिलाफ जैई, चौसांगी, लाठियों के साथ शोक सभा पर हमला करने का आरोप लगाया है। मदनसिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपी शनिवार को उनके घर शोक सभा में हथियारों से लैस होकर पहुंचे एवं अचानक हमला कर दिया। हमले में मालसिंह, भैंरूसिंह, मदनसिंह के चोटें आई। शोर सुन कर अन्य परिजन आए व छुड़वाया। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने दोनो पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली है एवं दोनों मामलों की जांच एएसआई राजकुमार करेगें।