May 21, 2026
8dff24f2-ec83-4847-a920-c17998f28598

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 दिसम्बर 2022। जोधपुर में गत दिनों गैस सिलेंडर विस्फ़ोट से लगी आग में 11 जनों की मौत और 42 से अधिक लोगों के अभी भी हॉस्पिटल में भर्ती होने के हादसे से पूरा राज्य सदमे में है। वहीं श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव बिग्गा में रविवार रात हुए एक अग्निकांड में गैस सिलेंडर विस्फ़ोट होने के बाद पूरे गांव में भय पसर गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिग्गा गांव के बस स्टैंड पर बिग्गा के ही निवासी कानाराम तावनियां ने चाय-नाश्ते, जनरल आइटम की दुकान कर रखी है। रविवार रात करीब 12 बजे दुकान आग की चपेट में आ गई और दुकान में रखा गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गया। थोड़ी देर बाद सिलेंडर गर्म होकर फट गया और तेज धमाके के साथ हुए विस्फोट की आवाज पूरे गांव में सुनाई दी। दुकान में पड़ा समस्त समान भी जल कर खाख हो गया। आग विकराल हुई तो श्रीडूंगरगढ़ से फायर बिग्रेड भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। लेकिन काबू पाने से पहले विस्फोट ने पूरी दुकान के परखच्चे उड़ा दिए। अग्निकांड रात को होने के कारण मौके पर किसी प्रकार की जनहानि तो नहीं हुई लेकिन बड़ा आर्थिक नुकसान तावनियां को झेलना पड़ा है। इस सबध में पुलिस कार्रवाई की जा रही है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कानाराम तावनिया की दुकान में हुआ विस्फोट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सिलेंडर के धमाके से दुकान के परखच्चे उड़ गए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सारा सामान जलकर खाख हुआ और उठा धुंआ।