






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 दिसंबर 2022। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना आज के समय की जरूरत बन गया है। आज भी क्षेत्र में बालिकाओं की शिक्षा के प्रति जागरूकता की खासी जरूरत है। समाज कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय योजना के बारे में भी जागरूक होंवे। केन्द्र सरकार की इस योजना में अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़े वर्ग की बालिकाओं को शिक्षित करने के उद्देश्य से निशुल्क शिक्षा कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। जिससे ड्राप आउट या ग्रामीण इलाके की बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ा जा सकें। ये बात उपखंड अधिकारी डॉ दिव्या चौधरी ने जेतासर में केजीबीवी में आयोजित किशोरी मेले में बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल होने पर अपने व्यक्तव्य में कही। चौधरी ने उपस्थित बालिकाओं से शिक्षा के प्रति गंभीर होकर पढ़ने की बात कही। कार्यक्रम में एडीपीसी गजानंद सेवग ने मेले का उद्घाटन किया। सभी अतिथियों ने मेले में प्रदर्शित गणित, विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान तथा खेलकूद पर बनाए गए मॉडल का अवलोकन किया और किशोरियों से सामग्री के बारे में जानकारी लेते हुए उनकी सराहना की। बालिका शिक्षा प्रभारी नरेंद्र अग्रवाल ने भी बालिकाओं की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षण का महत्व बताते हुए नित्य पढने का संदेश दिया। इस दौरान अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ईश्वरराम सहित महेंद्र, पवन कुमार शर्मा, कुंभाराम, शिव रतन गोदारा उपस्थित रहे। मेले में श्रीडूंगरगढ़ के 5 विद्यालय से लगभग 400 छात्र छात्राओं ने भाग लिया। सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की शुभ शुरुआत हुई तथा छात्राओं ने अनेक सांस्कृतिक तथा देश भक्ति व लोकगीतों पर आकर्षक प्रस्तुति दी। अन्य विद्यालयों के अध्यापक अध्यापिकाओं ने मेले में उपस्थिति दी। शाला की संस्था प्रधान सुमित्रा भांभू ने सभी का आभार जताया तथा वार्डन पूनम गौड़ ने सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अनिल कुमार सोनी ने किया।






