






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 दिसम्बर 2022। पौष माह का पहला कोहरा आज श्रीडूंगरगढ़ अंचल में जमीन पर उतर आया है। सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है और मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार उत्तरी भारत में कड़ाके की ठंड का प्रभाव नजर आने लगा है। श्रीडूंगरगढ़ सहित गांव रिड़ी, बाना, बिग्गा, सातलेरा, लोढ़ेरा, उदरासर, मोमासर, आडसर चारों दिशाओं के गांव कोहरे के आगोश में है। वाहनों के लिए दृश्य क्षमता कम हो गयी तथा सुबह 10 बजे तक वाहन चालकों को लाइट जलाए रखनी पड़ रही है। हाइवे पर वाहनों की गति प्रभावित हुई व वाहन धीरे धीरे चलते नजर आए। बाजार में, घुमचक्कर पर, गांवो की गुवाड़ और खेतों में सर्दी सीजन के पहले अलाव आज जलाए गए है। देर सुबह तक नागरिकों ने आग सेकी।
मुस्कुराई सरसों, इठलाया चना, किसान प्रसन्न।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रबी की फसलें खेतों में बढ़ने की ओर है और इस पहले कोहरे से किसान प्रसन्न है। अंचल में कोहरे से खेतों में सरसों मुस्कुरा उठी है और चना व कणक की फसल इठलाने लगी है। किसान हरि जाखड़ ने बताया की ये धंवर कणक, सरसों व चना के लिए वरदान साबित होगी। जाखड़ ने कहा कि अब एक मावठ(सर्दी की बरसात) आ जाए तो पैदावार में खासा इजाफा होगा।

















