






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 जनवरी 2023। खेतो में 6 घंटे पूरे वोल्टेज की थ्री फेस और घरों में 24 घंटे सिंगल फेस बिजली की मांग पर क्षेत्र में किसानों और बिजली निगम के बीच गतिरोध बढ़ता जा रहा है। इस मांग को लेकर तीन दिन पहले हुए उपखण्ड स्तरीय विरोध प्रदर्शन में नेताओं ने हस्तक्षेप कर समझौता तो करवा दिया लेकिन 3 दिन बीत जाने के बाद भी समझौते के अनुसार बिजली मिलना शुरू नही हुई है और इस कारण किसानों में खासा रोष व्याप्त है। क्षेत्र के गांव उपनी 132 केवी जीएसएस पर धरना पहले से चल रहा था और तीन दिन पहले हुए समझौते के बाद भी इन किसानों ने समझौता लागू नही होने तक धरना नही हटाने का निर्णय लिया था। अब शुक्रवार को इन किसानो का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम के पास पहुंचे और बिजली निगम पर वादाखिलाफी करने का आरोप लगाया। किसानो ने एसडीएम को ज्ञापन दिया और निगम पर समझौता लागू करने के बजाय धरना खत्म करने के लिए धमकाने का आरोप लगाया। किसानो ने राजनीतिक द्वेषता से धरने को कमजोर करने और हटवाने के लिए धरने पर बैठे किसानों पर झूठे मुकदमे दर्ज करवाने की बात भी एसडीएम को बताई और हस्तक्षेप कर पूरी बिजली दिलवाने की मांग की।




