






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 जनवरी 2023। आज क्षेत्र में चारों तरफ देशभक्ति का रंग बिखरा नजर आया। अनेक समाजों, संस्थाओं व समितियों ने 74वां गणतंत्र दिवस हर्ष और उल्लास के साथ मनाया। अनेक स्थान पर तिरंगा शान से फहराया और श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सौहार्द व एकता का माहौल बना दिया। माहेश्वरी महिला समिति, तेरापंथ महिला मंडल, तेरापंथ पंचायत भवन, सिंधी समाज, मुस्लिम समाज, एसएफआई की पढें सभी खबरें और आप भी जुड़े देश भक्ति के पर्व से श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के साथ और देखें विशेष फोटो व पढें सभी खबरें।

शहीद हेमू कालानी पार्क में हुआ आयोजन, फहराया ध्वज, दी बधाईयां।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शहीद हेमू कालानी पार्क में सिंधी समाज के बुजुर्ग, युवा, बच्चे, महिलाओं ने एकत्र होकर भारत माता के जयकारे लगाते हुए ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया। बच्चे सुदंर वेशभुषा में सजधज कर आए व राष्ट्रगान में भाग लिया। इस दौरान समाज अध्यक्ष एस कुमार गुरनानी, रतनलाल लालवानी, पानमल मोरवानी, गोरधन खटनानी, अशोक वासवानी, अशोक गुरनानी, जसवंत सगवानी, रमेश सगवानी, विजय धनवानी, धर्मेद्र सगवानी, नरेन रिझवानी, मनोज उपाध्याय, जगदीश गुरनानी, उमाशंकर लालवानी, खुशी खटनानी सहित बड़ी संख्या में समाज के नागरिक उपस्थित रहें व गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी।


मदरसा इस्लामिया रिजविया में मनाया राष्ट्रीय पर्व।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मदरसा इस्लामिया रिजविया में आज उल्लास के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया। मुख्य अतिथि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष इमरान राईन व ताहिर काजी ने ध्वजारोहण किया। राईन ने देश की विभिन्न संस्कृतियों को देश भक्ति से जुड़ कर राष्ट्रीय पर्व मनाने का संदेश दिया। बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता काजी हिकमत अली ने की और प्रतिभावान छात्रों को पुरस्कृत करते हुए शिक्षण सामग्री दी गई। ताहिर ने सभी स्कूलों में कक्षा 6 से ऊर्दू विषय प्रारंभ करवाने के लिए प्रयास करने की बात रखी। कार्यक्रम में उस्मान भाटी, अब्दुल गफूर, हाजी अब्दुल्ला, अहमद रजा काजी, सलीम काजी, उम्मेद मुगल, असगर भाटी, गोल्डन तंवर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं मदरसा तेलियान तथा दावते इस्लामी मदरसे में भी गणतंत्र दिवस मनाया गया। वहीं साकार वार बाबा की दरगाह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और इस दौरान जावेद बेहलिम, सोयब खोखर, रहमान खान, लतीफ तंवर व आदिल तंवर उपस्थित रहें।


ओसवाल पंचायत भवन में किया ध्वजारोहण
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ओसवाल पंचायत भवन आड़सर बास व कालूबास में संस्था मंत्री प्रमोद बोथरा की अगुवाई में ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान आयुर्वेदिक चिकित्सक पवन गोदारा ने स्वास्थ्य के प्रति चेतना का प्रसार करने का आह्वान किया। इस मौके पर अणुव्रत समिति के छत्र सिंघी, बजरंग डाकलिया, मालचंद तातेड़, सूर्यप्रकाश, गिरधारी नाई उपस्थित रहें।

माहेश्वरी महिला समिति ने बच्चों के साथ मनाया राष्ट्रीय पर्व।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्री बच्छराज पाठशाला कालूबास में विद्यार्थियों के साथ माहेश्वरी महिला समिति की सदस्य महिलाओं ने हर्ष व उल्लास के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया। समारोह में विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए समिति सदस्यों ने बच्चों को शिक्षण सामग्री भेंट करते हुए लड्डू व कचोरी खिलाए। इस दौरान आयोजन में समिति अध्यक्ष ललिता सोमानी, मंत्री पूनम दरक, कोषाध्यक कृष्णा पेडीवाल, संरक्षिका शांति लखोटिया, सहित मीनाक्षी डागा, कंचन तापडिया, प्रीति सोमानी, मंजू पेडीवाल, संगीता लखोटिया, ममता सोमानी, मीनू सोमानी उपस्थित रहें। विद्यालय प्रबंधन ने समिति सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

तेरापंथ महिला मंडल ने धूमधाम से मनाया गणतंत्र दिवस।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तेरापंथ महिला मंडल भवन में मंडल सदस्यों व कन्या मंडल सदस्यों ने धूमधाम से गणतंत्र दिवस मनाया। इस दौरान राष्ट्रीय गान के बाद दीपमाला डागा ने अपने विचार प्रस्तुत किए। मंत्री मंजू झाबक ने अपना वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए कहा गणतंत्र दिवस वह पावन दिन है जब हम अपनी राष्ट्रीय की एकता अखंडता और सौम्यता को विश्व के सामने प्रदर्शित करते हैं। नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख ने वंदे मातरम गीत प्रस्तुत किया। कन्यामंडल से काव्या सिधी व दीप्ती झाबक ने देशभक्ति कविता प्रस्तुत की तथा उपाध्यक्ष मधु झाबक ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान चंपालाल हरीश कुमार डागा की ओर से लड्डू भी वितरित किए गए।

छात्र संगठन एसएफआई ने किए लड्डू वितरित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 74 गणतंत्र दिवस पर छात्र संगठन एसएफआई के सदस्यों ने कच्ची बस्तियों में लड्डू वितरित कर गणतंत्र दिवस की जानकारी दी। यहां तहसील अध्यक्ष गौरव टाडा ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के समय भी देश में करोड़ो लोग बेघर है और शिक्षा व चिकित्सा से वंचित है। इस दौरान सचिव गोपी पूनिया, संयुक्त सचिव बजरंग जाखड़ साथ रहें।









