May 20, 2026
0000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 फरवरी 2023। आस पास की बड़ी और आश्चर्यजनक खबर बीकानेर के गंगाशहर से आई है। गंगाशहर में रहने वाले एक युवक ने जिस लड़की से प्यार किया, उसी से तीन दिन पहले विवाह कर लिया। सब कुछ ठीक चल रहा था कि अचानक लड़के ने फांसी लगा ली। अब तक जिस घर में मंगल गीत गूंज रहे थे, वहीं पर अब मातम पसर गया है। पुलिस भी समझ नहीं पा रही कि विवाह के तुरंत बाद ऐसा कदम क्यों उठाया? गंगाशहर में रहने वाले सौरभ महात्मा (22) पुत्र सीयाराम महात्मा ने तीन दिन पहले विवाह किया। वो उस लड़की से प्यार करता था, ऐसे में लव मैरिज को अरैंज मेरिज में तब्दील किया गया। दोनों परिवारों की रजामंदी से विवाह हो गया। विवाह के बाद पत्नी अपने मायके चली गई थी। सोमवार सुबह जब घर वालों ने सौरभ का कमरा बंद पाया तो खटखटाया। नहीं खोला तो कमरे का गेट तोड़ा गया। अंदर सौरभ पंखे से झूलता हुआ मिला। उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार वाले अचंभित थे कि सौरभ ऐसा कदम कैसे उठा सकता है। घटना की जानकारी गंगाशहर पुलिस को दी गई। थानाधिकारी नवनीत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया, जहां से परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। शव के पास से कोई सुसाइड नोट पुलिस को नहीं मिला है। पुलिस जांच कर रही है कि आखिर ऐसा क्या हुआ होगा कि सौरभ ने खुशी के दिनों में इस तरह सुसाइड कर ली। सौरभ का घर सर्वसिद्धि नगर में है, जो नोखा रोड पर स्थित है। उसके परिजनों के साथ ही पड़ौसी भी इस घटनाक्रम को लेकर आश्चर्यचकित है।