






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 मार्च 2023। श्रीडूंगरगढ़ में रमन आईटीआई कॉलेज में आज गांव उदरासर के विद्यार्थी शैक्षिक भ्रमण के लिए पहुंचे वहीं कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने उपखंड कार्यालय पहुंच कर शिक्षण कार्य पूरा करवाने की मांग की, इसके अतिरिक्त राजस्थान शैक्षिक क्रांति विचार मंच, श्रीडूंगरगढ़ द्वारा विभिन्न क्षेत्रों की 33 जनों का सम्मान किया जाएगा।
रमन कॉलेज में उदरासर के विद्यार्थियों ने ली अनेकों जानकारियां, ये रहें शामिल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राउमावि उदरासर के कक्षा 9 के विद्यार्थियों ने आज रमन औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का शैक्षिक भ्रमण किया। कॉलेज के निदेशक कुंभाराम घिंटाला ने विद्यार्थियों को औद्योगिक शिक्षा व इससे जुड़े अनेक रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने अनेक मशीनरी, कम्प्यूटर के बारे में अनेक जानकारी ली व विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाएं दूर की। इस दौरान शिक्षक मोहरसिंह कस्वां, रामकुमार यादव, राकेश, धर्मेंद्र उपस्थित रहें।छात्राओं ने पाठयक्रम पूरा करवाने की मांग की उपखंड अधिकारी से।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी को ज्ञापन सौंप कर पाठ्यक्रम पूरा करवाने की मांग की। कला संकाय के प्रथम वर्ष की छात्राओं ने बताया कि उनके महाविद्यालय में 40 प्रतिशत कोर्स ही पूरा नहीं हुआ है। चौधरी ने उन्हें कॉलेज प्रशासन से बात करने का आश्वासन दिया। इस दौरान कोमल जैन, निकिता मोदी, बाला शेखावत, उषा भार्गव, मीरा सुथार, अंकिता शर्मा, पूजा बाना, वर्षा शर्मा, पूजा पारिक, ओम कंवर सहित एसएफआई के तहसील अध्यक्ष गौरव टाडा व सचिव गोपी पूनियां उपस्थित रहें।
अभिनन्दन एवं आभार समारोह 18 मार्च को, मंच करेगा 33 जनो का सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शिक्षा, साहित्य, कला, संस्कृति, प्रतिभा-प्रोत्साहन क्षेत्रों में कार्यरत राजस्थान शैक्षिक क्रांति विचार मंच, श्रीडूंगरगढ़ द्वारा 18 मार्च, शनिवार को अभिनदंन एवं आभार समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में शिक्षाविद् ओमप्रकाश तंवर की अध्यक्ष, साहित्यालंकार पं. घनश्याम शर्मा स्मृति विद्यापीठ, रतननगर के अध्यक्ष डॉ. वेदप्रकाश शर्मा के मुख्य आतिथ्य एवं गणमान्य विद्वज्जनों के सान्निध्य में चूरू के औझा आदर्श विद्या मंदिर में मनाया जाएगा। मंच के संयोजक डॉ. राधाकिशन सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि मालचन्द भंवरलाल भामा सेवा निधि, सरदारशहर के सौजन्य से विभिन्न अवसरों पर आयोजित अभिव्यक्ति कौशल प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए चूरू नगर के 22 विद्यार्थियों को श्रीमती अणची देवी स्मृति सम्मान एवं आयोजन-संचालन में सक्रिय योगदान के लिए 10 प्रबुद्धजनों को श्रीमती इमी देवी स्मृति सम्मान प्रदान किया जाएगा।






