May 21, 2026
0000000101010100

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 मार्च 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में विद्युत निगम के करोड़ों रुपए बकाया पड़े है और इन राशि की वसूली के लिए निगम का दस्ता गांवों, खेतों में पहुंच रहा है। गांवों में विशेष कैम्प लगा कर बकाया जमा लिए जा रहे है एवं बिल नहीं भरने वालों के कनेक्शन काटे जा रहे है। विदित रहे कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के हजारों कृषि, आवासीय, व्यवसायिक एवं औद्योगिक विद्युत कनेक्शनों को सुचारू रूप से व्यवस्थित करने के लिए निगम द्वारा क्षेत्र को तीन सहायक अभियंता कार्यालय के अधीन बांटा हुआ है। इन्हीं तीन सहायक अभियंता कार्यालयों में से एक सहायक अभियंता ऊपनी के द्वारा विशेष अभियान चलाकर गांवों में कैम्प लगाया जा रहा है। सहायक अभियंता सतर्कता जवानाराम ने बताया कि निगम द्वारा वर्तमान में दी जा रही छूट योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा किसानों व ग्रामीणों को मिल सके इसके लिए गांवो में शिविरों लगाए जा रहें है। बुधवार को गांव लिखमीसर दिखणादा में विशेष कैम्प लगाया गया है। यहां 25 लाख रुपए की बकाया वसूली भी की गई है एवं चार कृषि कनेक्शनों पर ट्रांसफार्मर हटाए गए है। इससे पूर्व मंगलवार को गांव लिखमीसर उत्तरादा में शिविर लगा कर 16 लाख रुपए की वसूली की गई। ऊपनी सहायक अभियंता नरेन्द्र सोनगरा ने बताया कि 16 मार्च को गांव सोनियासर में, 17 मार्च को कल्याणसर नया में, 18 मार्च को गांव कल्याणसर पुराना में, 20 मार्च को बाडेला, धनेरू, जाखासर में, 21 मार्च को बरजांगसर में, 22 मार्च को लिखमीसर में, 24 बापेऊ में और 27 मार्च को राजेडू में विशेष शिविर लगाए जाएगें। इन शिविरों में बिल जमा करवाने वाले पुराने वीसीआर प्रकरणों में मात्र 20 से 30 प्रतिशत राशि लेकर सेटलमेंट किया जा रहा है एवं कटे हुए कनेक्शनों में भी बड़ी छूट दी जा रही है। इसके अलावा चालू कनेक्शनों में भी ब्याज एवं पेन्लटियों पर छूट दी जा रही है। अभियान के तहत लोगों में उत्साह है एवं केवल ऊपनी सहायक अभियंता क्षेत्र के उपभोक्ताओं से ही 2.25 करोड़ रुपए की वसूली हो चुकी है। हालांकि ऊपनी क्षेत्र में अभी भी 6 करोड़ की बड़ी बकाया राशि अभी भी पड़ी है।