






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 अप्रेल 2023। आज अंचल के सभी हनुमान मंदिरों में मेले भरे और श्रद्धालुओं की रेलमपेल रही। कस्बे सहित गांवों के भी मंदिरों में भी भारी भीड़ रही एवं हर और बाबा का जन्मोत्सव मनाने का जोश रहा। घर घर हनुमान जन्मोत्सव का उल्लास नजर आया और भक्तों ने खीर चूरमा बनाकर बाबा को भोग लगाया। शहर के हनुमान धोरा मन्दिर में धूमधाम से जन्मोत्सव मनाए गए जन्मोत्सव के लिए मन्दिर को फूलों और गुब्बारों से सजाया गया। यहां अलसुबह से लेकर देर रात तक कस्बे के विभिन्न मोहल्लों से पैदल चलकर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ रही और मेला भरा। पुजारी शिवभगवान ने बताया कि बाबा की दिव्य आरती का आयोजन कर 71 किलो चूरमे का भोग लगाया गया। सुंदरकांड व हनुमान चालीसा का पाठ दिनभर जारी रहीं। आस पास के गांवों से भी श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। आडसर बास के राम मंदिर में माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा सुंदरकांड का आयोजन किया गया जिसमें मंडल सदस्य महिलाओं ने भजन कीर्तन के साथ पाठ किया। हनुमान क्लब प्रांगण में आड़सर बास सत्संग मंडली एवं मातृशक्ति, दुर्गा वाहिनी द्वारा सुंदरकांड का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं व युवतियों ने भाग लिया व यहां पर श्रीराम, स्वास्तिक, ओउम के प्रतिकों को भी दीपकों के माध्यम से उकेरा गया। नेशनल हाईवे स्थित खाखी धोरा मंदिर में भी बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया एवं बड़ी संख्या में श्रृद्धालूओं ने बाबा के धोक लगा कर मन्नतें मांगी। पूजारी नवरत्न सारस्वत ने बताया कि इस मौके पर विशेष पूजन किया गया। श्रीडूंगरगढ़ से पूनरासर पैदल कच्चे रास्ते पर स्तिथ पूनरासर हनुमान जी मंदिर (कोस गाला) में भी हनुमान जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी एवं विशेष पूजन किया गया। कालूबास पारीक चौक स्थित सालासर पैदल यात्री संघ रवानगी स्थल पर भी संघ द्वारा बाबा का जन्मोत्सव मनाया गया एवं केक काटी गई। यहां स्वामणी प्रसाद का वितरण भी किया गया। कस्बे के बिग्गाबास वार्ड 23 में हजारीमल चुन्नीलाल चांडक द्वारा निर्मित हनुमानजी मंदिर में बाबा के जन्मोत्सव के उपलक्ष में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया। सुशील चांड़क ने बताया कि कलाकार सुभाष स्वामी, मनीष सिखवाल एंड पार्टी ने सुदंरकांड के साथ साथ भजनों की भी प्रस्तुतियां दी। कालूबास स्थित बोथरा पूनरासर हनुमानजी मंदिर में भी विशेष आयोजन किया गया। क्षेत्र के प्रसिद्ध सूडसर के प्रसिद्ध मनसापूर्ण हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी व बाबा को धोक लगाकर भक्तों ने अपनी मन्नतें मांगी। पुजारी महेश स्वामी, गणेश स्वामी ने बाबा का विशेष श्रृंगार किया और पुजारी मोहन स्वामी, किशन स्वामी ने ज्योत प्रज्वलित कर विशेष पूजा अर्चना की। इस दौरान यहां मेला भी भरा और आस पास के गांवों से यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। तहसील के गांव कोटासर में स्थित करणी गौशाला समिति प्रांगण में भी हनुमान जन्मोत्सव, उत्साह और गौसेवा के साथ मनाया गया। अगरसिंह पड़िहार ने बताया कि इस मौके पर सामुहिक सुंदरकांड किया गया और श्रद्धालुओं ने गौसेवा में धन समर्पण किया।














