






राशन डीलर्स की हड़ताल समाप्त।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंगलवार को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री सुमित गोदारा के निर्देश पर प्रमुख शासन सचिव भास्कर ए. सावंत की अध्यक्षता में दिनांक 5 अगस्त को राशन डीलर्स संघर्ष समिति की बैठक हुई। वार्ता सकारात्मक रहने पर ग्यारह सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया और उसके बाद खाद्य मंत्री से इन कमेटी सदस्यों की वार्ता करवाई गई। गोदारा के समस्याओं के समाधान के आश्वासन के पश्चात संघर्ष समिति ने पिछले सात दिन से चल रही हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की है। यह ग्यारह सदस्यीय कमेटी विभाग के अधिकारियों के साथ बैठकर समस्याओं के समाधान के लिए एक माह में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
ई-मित्र के माध्यम से प्रवासी श्रमिकों के राशन कार्ड बनेंगे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय एवं भारत सरकार के निर्देशों की अनुपालना में राजस्थान के ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत सभी प्रवासी श्रमिकों को राशन कार्ड जारी किए जायेंगे। उन्होंने बताया कि जिन प्रवासी श्रमिकों का राशन कार्ड नहीं बना हुआ है। वे अपने परिवार के सभी सदस्यों के ई-श्रम कार्ड तथा आधार कार्ड के साथ अपने नजदीकी ई-मित्र पर जाकर राशन कार्ड बनवा सकते हैं। यदि पूर्व में राशन कार्ड बना हुआ है, तो अपने ई-श्रम कार्ड और आधार कार्ड की राशन कार्ड में सीडिंग ई-मित्र से आवश्यक रूप से करवायें।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 15 अगस्त तक ई-केवाईसी अनिवार्य
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय एवं भारत सरकार के निर्देशों की अनुपालना में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत राजस्थान के चयनित सभी लाभार्थियों को 15 अगस्त 2024 तक ई–केवाईसी करवाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि लाभार्थी उचित मूल्य की दुकान पर व्यक्तिशः जाकर ई-केवाईसी करवाना सुनिश्चित करें अन्यथा उनका नाम खाद्य सुरक्षा सूची से हटा दिया जायेगा।
एक दिन में एक करोड़ पौधे लगा इतिहास रचेगा राजस्थान, इस बार खास होगी हरियाली तीज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अभिनव पहल पर बुधवार को प्रदेश में एक करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। राजस्थान के इतिहास में यह पहली बार होगा, जब शहरों से लेकर गांव-गांव में उत्सवी माहौल के बीच ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री की यह पहल इस बार हरियाली तीज को और भी खास बनाएगी। इस वर्ष के बजट में मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाभियान के तहत प्रत्येक परिवार को जोड़ते हुए 7 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके तहत ही 7 अगस्त को प्रदेशभर में एक करोड़ पौधे लगाने का ऐतिहासिक कार्य किया जाएगा। प्रदेश को हरा-भरा बनाने की दिशा में यह पहल मील का पत्थर साबित होगी। बीकानेर जिले के सघन पौधारोपण होगा। वहीं प्रत्येक ब्लाॅक और ग्राम पंचायतों में भी पौधारोपण किया जाएगा।
जिले में 10 लाख व श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक में 40 हजार पौधे लगाए जाएंगे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, सड़कों के किनारे, स्काउट गाइड मुख्यालय, आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों एवं पंचायत समितियों, स्वास्थ्य केंद्रों, सरकारी कार्यालयों, औद्योगिक इकाइयों सहित आरएसआरडीसी एवं मनरेगा कार्य स्थलों पर पौधारोपण किया जाएगा। जिले में लगभग दस लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं बता देवें श्रीडूंगरगढ़ में 40 हजार पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हरियाली तीज पर होने वाले इस कार्यक्रम में मातृ शक्ति का विशेष योगदान रहेगा। इन कार्यक्रमों में महिला जनप्रतिनिधि, महिला अधिकारी-कर्मचारी, लखपति दीदी, राजीविका सखी, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं, आशा सहयोगिनियों, नरेगा महिला मेट एवं श्रमिक, स्कूल-काॅलेज की छात्राओं को इन कार्यक्रमों में आमंत्रित किया गया है। पौधा लगाने वाले वृक्ष मित्रों को हरियालो राजस्थान मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल प्रशस्ति पत्र भी दिए जाएंगे।



