






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 मार्च 2024। हमारी नई पीढ़ी की बालिकाएं गणगौर ईशर के रूप में कल्याण की भावना के साथ माता पार्वती व शिव पूजन की इस परंपरा से जुड़े। वे उल्लास के साथ गणगौर गीत व पूजन रीति सीख कर इन्हें संजोने में भागीदार बनें जिससे भविष्य की पीढ़ियां भी गणगौर पूजन को अपना सकें। ये बात समाजसेवी ओमप्रकाश राठी ने गणगौर मेला समिति के नि:शुल्क गणगौर वितरण प्रारंभ के कार्यक्रम में कही। राठी ने 10,500 रूपए के 5 गणगौर जोड़े कन्याओं को वितरित किए। समिति के सरंक्षक देवीलाल उपाध्याय ने बताया कि प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी मेला समिति के बैनर तले गणगौर मेला-2024 का आगाज आज से हो गया है। गणगौर ईशर व भायाजी के रूप में 303 नग व 101 जोड़े के रूप में 101 कन्याओं को वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में शिवनारायण राठी, नंदलाल राठी, गणेश राठी, मनोज गुसाईं, सुशील जोशी, बजरंग पुरोहित, भंवरलाल पुरोहित, अयुब दमामी, मिनाक्षी डागा सहित बालिकाएं शामिल हुई। सभी ने इस नई पहल की सराहना करते हुए इससे गणगौर पूजन को बढ़ावा मिलने की बात कही।
“पहले आओ पहले पाओ” के आधार पर मिलेगी नि:शुल्क गणगौर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गणगौर मेला समिति के देवीलाल उपाध्याय ने बताया कि होली के अगले ही दिन से गणगौर पूजन प्रारंभ हो जाता है और इसमें सैंकड़ो बालिकाएं योग्य वर के लिए और महिलाएं पति की लंबी उम्र के लिए उल्लास के साथ विधि विधान से पूजन करती है। नि:शुल्क गणगौर का वितरण आड़सर बास, कालूबास, बिग्गा बास व मोमासर बास में 25-25 का वितरण किया जाएगा। वितरण 26 मार्च को होगा और इसके लिए बालिका को अपने आधार कार्ड की फोटो कॉपी के साथ अपने नाम का पंजीकरण करवाना होगा। वे आज से ही ताल मैदान रोड पर स्थित श्रीगणेश ज्योतिष कार्यालय में पंजीकरण करवा सकेंगी। उपाध्याय ने बताया कि पहले आओ पहले पाओ के आधार पर ही कन्याओं को गणगौर जोड़े का वितरण किया जाएगा।






