May 20, 2026
0000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अप्रैल 2026। सरकारी स्कूलों में 9वीं पास कर 10वीं कक्षा में अध्ययनरत 1490 बालिकाओं को साइकिलों का वितरण किया जाएगा। शनिवार को पीएमश्री राउमावि ताल मैदान में समारोह पूर्वक वितरण प्रारंभ किया गया। विधायक ताराचंद सारस्वत ने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह प्रारंभ किया। सारस्वत ने बालिकाओं को खूब पढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वो माध्यम से जिससे परिवार, समाज व देश की प्रगति संभव है। बेटियां पढ़ेगी तो आने वाली पीढ़ियां में सकारात्मक बदलाव आ सकेगा। सारस्वत ने सरकारी स्कूलों की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार द्वारा बालिका शिक्षा को बढावा देने के लिए अनेक प्रयास किए जा रहें है। ऐसे में समाज भी स्कूलों का सहयोग करें। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अशोक चुग ने बताया कि तीन चरण में सत्र 2025-26 की साइकिलों का वितरण किया जाएगा। पहला चरण आज संपन्न हुआ। उन्होंने सभी शिक्षकों व अभिभावकों से प्रवेशोत्सव कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। अतिथियों ने स्कूल के दानदाता दिवंगत मनोहरी देवी व जगदीश प्रसाद छंगाणी के पुत्रों का साफा पहना कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में हेमनाथ जाखड़, भवानी प्रकाश तावणियां, प्राचार्या पदमा कौशिक, प्राचार्य ओमप्रकाश रोलन, मदनलाल कड़वासरा, भंवरलाल स्वामी, रामलालनाथ, कविता जानूं, सोनल शर्मा, नन्दकिशोर पारीक, महावीर प्रसाद आदि ने भी विचार व्यक्त करते हुए सरकारी स्कूलों में प्रवेशोत्सव के बारे में चर्चा की। प्रधानाचार्य ममता ने सभी का आभार जताया। कार्यक्रम का मंच संचालन कमल किशोर पिपलवा ने किया।
तीन चरण में होगा साइकिल वितरण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विद्यालय के महावीर प्रसाद ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक की कुल 79 सरकारी विद्यालयों में नि:शुल्क साईकिल वितरण किया जाएगा। वितरण कार्यक्रम 3 चरण में दिनांक 18.04.2026, 20.04.2026 एवं 21.04.2026 को आयोजित होंगे। इसमें श्रीडूंगरगढ़ शहरी/ग्रामीण क्षेत्रों के सभी विद्यालयों में सत्र 2025-26 में कक्षा 9 में अध्यनरत बालिकाओं को जो इस सत्र 2026-27 में राजकीय विद्यालय में अध्यनरत है को ही निःशुल्क साइकिल राज्य सरकार द्वारा दी जाएगी।