May 20, 2026
0000000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 मार्च 2025। रविवार को जिले भर में पुलिस खासी एक्टिव दिखी एवं एसपी के आदेशों के बाद जुए, सट्टे, अवैध शराब आदि के खिलाफ कार्रवाहियां की। इसी क्रम में श्रीडूंगरगढ़ पुलिस भी खासी एक्टिव रही और रविवार शाम को क्रिकेट बुकी के खिलाफ अभियान में जिले की सबसे बड़ी कार्रवाही की। 2.95 करोड़ के सट्टे के खिलाफ की गई इस कार्रवाई की खबर श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स द्वारा रविवार रात को ही प्रकाशित कर दी गई थी। इस बड़ी कार्रवाई सहित क्षेत्र की पुलिस ने चार अलग अलग मामले दर्ज किए है, जिनमें 4 जनों को तो गिरफ्तार किया है एवं एक आरोप पुलिस को देख भाग छूटा। पढ़ें सभी की सामूहिक खबर।
अवैध शराब के बेचने की फिराक में था युवक, पुलिस देख हुआ फरार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ थाने के एएसआई राजकुमार ने गश्त के दौरान कालू रोड़ तिराहे पर अवैध शराब बेचने की फिराक एक युवक के होने पर की सूचना पर दबीश दी। पुलिस को देख वहां खड़ा युवक नरेन्द्र वाल्मिकी पुलिस को शराब से भरा कट्टा छोड कर भाग गया। पुलिस ने कट्टे में से 40 पव्वे अवैध शराब जब्त की है एवं आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पर्ची सट्टा करते एक गिरफ्तार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ थाने के हैडकांस्टेबल बलवीरसिंह ने प्रताप बस्ती में गली आम में पर्ची सट्टा करवा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। मुखबीर की सूचना पर पुलिस बीदासर रोड़ से प्रताप बस्ती आने वाली गली में पहुंची तो वहां मोमासर बास निवासी धनपतसिंह राजपूत पर्ची सट्टा करवा रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पर्ची पेन एवं 310 रुपए जब्त किए।
पूनरासर में सजाई ताश पत्ती, दो गिरफ्तार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव पूनरासर में ताश पत्ती पर जुआ खेलना खास आम हो गया है। यहां आए दिन पुलिस ताश पत्ती पर जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाही तो करती है लेकिन फिर भी लगातार यहां ताश पत्ती पर जुआ जारी है। सोमवार को विशेष अभियान के दौरान शेरूणा पुलिस थाने के एएसआई चैनदान ने पूनरासर में दबीश देकर ताश पत्ती पर जुआ खेल रहे 63 वर्षीय सीताराम मेघवाल एवं 46 वर्षीय रामलाल जाट को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पुलिस ने 530 रुपए व ताश पत्ती जब्त की है।