






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 फरवरी 2024। जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मामले पढें एक साथ एक नजर में और अपराध के प्रति सचेत और जागरूक रहें। मंगलवार को जिले में सर्वाधिक चोरी के मामले दर्ज हुए है। बीकानेर में 4 मोटरसाइकिलें चोरी हुई वहीं अस्पताल व कचहरी के बाहर से चोरों ने मोटरसाइकिलें पार की है। वहीं एक सरकारी स्कूल की रसोई से राशन व अन्य सामान चोरी का मामला सामने आया। एक सोलर प्लांट पर चोरी की खबरें पढने के साथ ही बीकानेर जिले से पढें सभी अपराध खबरें।
लापरवाही से बोलेरो चलाकर मारी बाइक सवार को टक्कर, मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सेरूणा थाने में कृष्ण कुमार पुत्र मोतीराम बनजारा निवासी साहवा ने एक बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 2 फरवरी को एक बोलेरो चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाकर गांव झंझेऊ के पास उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे उसे चोटें आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई राजकुमार को सौंप दी है। बता देवें इस दुर्घटना के बारे में श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स ने फोटो सहित खबर का प्रकाशन घटना के समय किया था।
भड़काऊ पोस्ट के खिलाफ मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कोतवाली थाना में योगी ओमनाथ पुत्र योगी शिवसत्यनाथ जाति योगीनाथ निवासी गोगागेट ने एक अज्ञात असामाजिक तत्व के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि मैं मोबाइल पर सोशल साइट चला रहा था तो अज्ञात व्यक्ति की सोशल मीडिया पर एक भड़काऊ पोस्ट की हुई देखी। पोस्ट ऐसी थी जिससे समाज का माहौल खराब हो सकता है और एक संत के ऊपर अभद्र भाषा का उपयोग किया गया था। हमारी धार्मिक भावनाएं आहत हुई है जिसकी जांच की जानी चाहिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच थानाधिकारी गिरधारीलाल को दी गई है।
शराब नहीं बेचने को कहा तो की युवक से मारपीट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नयाशहर थाना में भवानीसिंह पुत्र दिनेशसिंह राजपूत ने यासिन खान व 8-10 जनें अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि वार्ड 71 में शराब का ठेका है। जहां प्रतिदिन रात 8 बजे बाद अनैतिक रूप से शराब की बिक्री की जाती है और मैं रोज उनको मना करता हूं। सोमवार रात 9 बजे परिवादी ठेके पर पहुंचा और शराब बेचने से मना किया तो यहां पहले से तैयार आठ दस जनों ने उस पर हमला कर दिया। परिवादी का सिर फोड़ दिया और मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई भवानीदान को सौंप दी है।
अस्पताल के बाहर खड़ी बाइक चोरी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नयाशहर थाने में राहुलसिंह पुत्र रिपुदमनसिंह निवासी सर्वोदय बस्ती के सामने अज्ञात चोर के खिलाफ बाइक चोरी का मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे उसने कोठारी अस्पताल के बाहर अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की और थोड़ी देर बाद लौट कर आया तो बाइक अपनी जगह पर नहीं थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर हैड कांस्टेबल सुरेन्द्र को जांच दे दी है। वहीं मुक्ताप्रसाद नगर थाने में बलकरण सिंह पुत्र बुगर सिंह निवासी रामपुरा बस्ती ने अज्ञात चोर के खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी कर ले जाने का मामला दर्ज करवाया है। सदर थाने में मनीष पांडे पुत्र चंद्रभान पांडे निवासी त्यागी वाटिका, अंत्योदय नगर ने अज्ञात चोर के खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने बताया कि मंगलवार सुबह 12 बजे वह पुरानी कचहरी परिसर में स्टाम्प विक्रेता के यहां स्टाम्प लेने गया और कचहरी परिसर में मोटरसाइकिल खड़ी की। थोड़ी देर बाद वह आया तो उसने देखा उसकी बाइक वहां नहीं थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल श्रवणसिंह को दी गईहै। सदर थाने में मोहित घारू पुत्र किशनलाल वाल्मिकी निवासी रामपुरा बस्ती ने भी अज्ञात चोर के खिलाफ बाइक चोरी का मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि वह पीबीएम अस्पताल में रिश्तेदार से मिलने गया और मोटरसाइकिल आईसीयू के पिछले गेट पर रात 8 बजे खड़ी कर दी। आज सुबह 7 बजे उसने बाहर आकर देखा तो उसकी मोटरसाइकिल कोई चोर ले गया।
टावर के उपकरण चुराए, मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नोखा थाने में मोतीराम पुत्र मांगीलाल कुम्हार निवासी पुगल रोड ने अज्ञात चोरी के खिलाफ मामला दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि रायसर इंडस कंपनी के मोबाईल टावर के उपकरण अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
बात करते हुए फोन छीनकर भागे दो बाइक सवार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सदर थाने में प्रवीण जाजड़ा पुत्र सीताराम ब्राह्मण निवासी देशनोक ने दो अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ हाथ में से फोन छीनकर ले जाने का आरोप लगाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि वह अपने फोन से अपनी नानी से बात कर रहा था तभी दो जने पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और हाथ से गर्दन पर वार कर फोन छीनकर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल रामस्वरूप को सौंप दी है।
ट्रेलर दिलवाने के नाम पर की धोखाधड़ी।
श्रीडूगरगढ़ टाइम्स। गंगाशहर थाने में रामरतन विश्नोई पुत्र भागरीरथ विश्नोई निवासी चौधरी कॉलोनी ने हरिकिशन विश्नोई पुत्र गोरधनराम विश्नोई व उसके पुत्र धर्मपाल व विजयपाल धारणिया के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे ट्रेलर दिलवाने के नाम पर 7 लाख 83 हजार 6 सौ रूपए ऐंठ लिए है। पुलिस ने मामला दर्ज कर एएसआई अरूण मिश्रा को जांच सौंप दी है।
सोलर प्लांट से लोहे के पाईप चोरी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नाल थाने में जगदीश पुत्र पेमाराम जाट निवासी सिनियाला ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि वह सोलर प्लांट जयमलसर में ठेके पर काम ले रखा है। सोमवार रात अज्ञात चोरों ने सोलर प्लांट पर 77 फर्मा लोहे के पाईप चोरी कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल राकेश कुमार को सौंप दी है।
लापरवाही से ट्रेक्टर चलाकर मारी टक्कर, एक की मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लूणकरणसर चुनाराम पुत्र सहीराम जाट निवासी खोखराणा ने करनाली निवासी ट्रेक्टर चालक डूंगरराम पुत्र गोविंदराम जाट निवासी के खिलाफ लापरवाही व गफलत से ट्रेक्टर चलाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने बताया कि गांव खिंयेरा के पास रोड किनारे पैदल चल रहे दिलीपचंद पुत्र सत्तुराम जाट को टक्कर मार दी जिससे दिलीप की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई बजरंगलाल को सौंप दी है।
विद्यालय की रसोई से राशन सहित सामान चोरी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लूणकरणसर के राउमावि की प्रधानाचार्य रेणुबाला पत्नी लक्ष्मणसिंह ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। प्रधानाचार्य ने पुलिस को बताया कि बुधवार को अज्ञात चोर विद्यालय में रसोई का ताला तोड़कर घुस गया और रसोई से 2 गैस सिलेंडर, 312.65 किलो चावल, 569.50 गेहूं, 5 लीटर तेल, 50 गिलास, स्टील की 5 लीटर की बरनी, साउंड माईक सिस्टम चोरी कर ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
पिकअप हड़प ली, नहीं भरे रूपए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जसरासर थाने में हनुमानराम पुत्र तोलाराम जाट निवासी बादनू ने अमित कुमर सिखवाल, गौतम शर्मा, चिंटू उफ रामेश्वर निवासी निम्बी, नागौर व मुकेश कुमार निवासी ढिंगसरी, पिंटू उर्फ महावीर पुत्र भागुराम निवासी बादोर के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उससे झूठा इकरारनामा करवा लिया व पिकअप हड़प ली व वाहन को खुर्द बुर्द कर पैसे नहीं भर रहें है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई भागीरथराम को दी गई है।
टैक्सी लापरवाही से चलाने का आरोप, एक सवार की मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। देशनोक निवासी विरेन्द्र सोनी पुत्र शंकरलाल सोनी निवासी नापासर ने विमल नाई पुत्र भूराराम के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसका भाई केसरीचंद गांव के विमल नाई की टैक्सी से मां करणी देशनोक से जा रहा थे। टैक्सी चालक ने अपनी टैक्सी को तेज व लापरवाही से चलाकर टैक्सी को पलटा मार दिया। जिससे केसरीचंद के गंभीर चोट आई व उसे पीबीएम ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल नथाराम को सौंप दी है।
महिला का रास्ता रोककर की मारपीट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। खाजूवाला थाने में सुमन पत्नी अशोक कुमार जाट निवासी केवाईडी 12 ने इसी गांव के अशोक कुमार पुत्र ओमप्रकाश जाट के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादिया ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसके साथ रास्ता रोककर थाप मुक्कों से मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल भवंरूखान को दी गई है।
डॉक्टर बताकर लगाया इंजेक्शन, युवक हुआ विकलांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। छतरगढ़ थाने में राजाराम पुत्र आसुराम मेहतर निवासी मोतीगढ़ बीकानेर ने नरेश कुमार सैनी हाल निवासी मोतीगढ़ के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने बताया कि आरोपी ने खुद को डॉक्टर बताकर परिवादी को एक इंजेक्शन लगा दिया जिससे वह विकलांग हो गया है। परिवादी ने जब इसका ओलमा दिया तो आरोपी ने उससे लात घुसों से मारपीट की व जातिसूचक गालियां दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीओ खाजूवाला विनोद कुमार को दे दी है।



