






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 जनवरी 2025। क्षेत्र की सामाजिक संस्थाओं में अग्रणी नागरिक विकास परिषद द्वारा 76वें गणतंत्र दिवस पर 40 वां रक्तदान शिविर संपन्न हुआ। संस्था भवन में दिवंगत सत्यनारायण बिहानी की स्मृति में उनके परिजनों द्वारा आयोजित शिविर में 71 युवाओं ने रक्तदान कर अपने राष्ट्र सेवा के दायित्व का निर्वहन किया। सभी रक्तवीरों का सम्मान किया गया। रक्तदान के लिए पंजीयन 87 युवाओं ने करवाया। पीबीएम की टीम द्वारा रक्त संग्रहण किया गया। शिविर का उद्घाटन सत्र में संरक्षक सदस्य ओमप्रकाश स्वामी ने संस्था द्वारा संचालित सामाजिक गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। शिविर प्रभारी रमेश प्रजापत ने बताया कि डॉ ईशांत जोशी ने रक्तदान के बारे में फैली भ्रांतियो को दूर कर किसी जरूरतमंद के लिए रक्तदान को मानवता का धर्म बताया। भामाशाह परिवार के शरद बिहानी ने संस्था का आभार जताया। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए विजयराज सेवग ने दानदाता परिवार द्वारा पांचवा शिविर आयोजित करवाने पर आभार जताया। परिवार के गौरीशंकर बिहानी ने समिति से सम्मान ग्रहण किया। उद्घाटन सत्र का संयोजन पूर्व अध्यक्ष श्रीगोपाल राठी ने किया। वहीं समापन सत्र की अध्यक्षता परिषद अध्यक्ष जगदीश स्वामी ने की व इस दौरान वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता तुलसीराम चोरड़िया, रमेश कुमार बिहानी मौजूद रहें। पीबीएम ब्लड बैंक ने आयोजक संस्था द्वारा सम्मान किया। शिविर में सहप्रभारी सत्यनारायण स्वामी, विशाल स्वामी, मनमोहन राठी, लक्ष्य प्रजापत, पंकज प्रजापत, सीताराम स्वामी, पूर्व अध्यक्ष श्रवण कुमार गुरनाणी, श्रीमती पूजा राठी, बिहानी परिवार की पुत्रियां, पुत्र वधूएं, पुत्र, पौत्र सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं दी।




