May 21, 2026
010

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 सितंबर 2022। नाचते-गाते, जयकारे लगाते भैरव भक्त श्रीडूंगरगढ़ से अखंड ज्योत लेकर 9 सितबंर को तोलियासर दरबार में पहुंच कर बाबा को मनाएंगे। अनंत चतुर्दशी को तोलियासर पैदल यात्री संघ अखंड ज्योत के साथ अपनी 23वीं फेरी पूरी करेगा। संघ के संयोजक रमेश मूंधड़ा ने बताया कि कोरोना के दो साल बाद इस बार 23वां ज्योत महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। चतुदर्शी के दिन सुबह 8 बजे आड़सर बास स्थित भैरव मंदिर में ज्योत का प्रज्ज्वलन किया जाएगा। सुबह ज्योत कस्बे के चारों बासों में घूमकर मुख्य बाजार होते हुए पुन: मंदिर में पहुंचेगी। मंदिर से शाम 4 बजे ज्योत को भव्य रथ पर सजाया जाएगा। ज्योत के साथ संघ के श्रद्धालु गाजे बाजे लिए पदयात्रा करते हुए बड़ी संख्या में तोलियासर के लिए रवाना होंगे। इस दौरान संघ की सभी व्यवस्थाएं संयोजक रमेश मूंधड़ा, रतन गंग, विजय बजाज, सुबोध बिहाणी सहित सभी भैरव भक्त करेंगे। मार्ग में अनेक स्थानों पर संघ की सेवा में नागरिक अनेक प्रकार की सेवाएं देंगे।

विशेष है ये परंपरा, मंदिर प्रवेश के समय ज्योत का होगा भव्य स्वागत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ से रवाना होने वाली ज्योत का तोलियासर मंदिर में प्रवेश के समय भव्य स्वागत किया जाता है। तोलियासर गांव के मौजिज ग्रामीण स्वागत करने सामने आते है और पुष्पवर्षा के साथ ज्योत को शीश नवाते है। सैंकड़ो श्रद्धालुओं की भीड़ में ज्योत को मार्ग देकर आगे ले जाया है और उसके पश्चात मंदिर में भैरव महाआरती का आयोजन किया जाता है। श्रीभैरव भक्त मंडल गुवाहटी आसाम द्वारा भी इस संघ का स्वागत करते हुए ड्राई फ्रुट का पैकिंग प्रसाद दिया जाएगा।
751 किलो का लगेगा भोग, होगा भव्य जागरण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। संघ द्वारा 51 किलो का रोटा तथा 700 किलो का प्रसाद बनाकर बाबा को भोग लगाया जाएगा। मेले में शामिल सभी भक्तों को प्रसाद का वितरण किया जाएगा। दर्शनों व महाआरती के बाद यहां संघ द्वारा मंदिर प्रागंण में जागरण का आयोजन किया जाएगा। जिसमें विभिन्न स्थानों से बुलाए गए भजन कलाकार शिव पारीक, पुखराज स्वामी, जेठमल नागौरी, मिस्टर सलीम अपने भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।
श्रीभैरव भक्त मंडल गुवाहटी के आयोजन आज से प्रारंभ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीभैरव भक्त मंडल गुवाहटी के आयोजन आज से प्रारंभ हो गए है। कुछ देर में तोलियासर शिव मंदिर में शिव रूद्राभिषेक प्रारंभ होने जा रहा है। मंडल द्वारा रात को भैरव मंदिर में भैरव रूद्राभिषेक किया जाएगा। 8 को मंडल की ओर से भव्य जागरण किया जाएगा। वहीं कल से मंडल की ओर से मंदिर में भंडारा प्रारंभ हो जाएगा। मंडल सदस्य मेले की अनेक व्यवस्थाओं में सहयोग दे रहें है।
तीन दिन में अनेक संघ पहुंचेगे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ शहर व गांवो से अनेक पैदल यात्री संघ में चतुदर्शी को तोलियासर मंदिर पहुंचेगें। यहां बीकानेर, रतनगढ़, सरदारशहर, राजलदेसर सहित अनेक स्थानों से भक्त दर्शन के लिए आते है। आज भी श्रद्धालु पहुंच रहें है और गुरुवार व शुक्रवार को भारी भीड़ होगी।
प्रशासन भी है मुस्तैद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उपखंड अधिकारी डॉ. दिव्या चौधरी भी मेले के आयोजन को लेकर मुस्तैद है और व्यवस्थाओं की अपडेट रिपोर्ट ले रही है। मंगलवार को मंदिर में भरे हुए दान पात्रों को हटा कर नए दान पात्र रखवा दिए गए है। पुलिस का पर्याप्त प्रबंध करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
भैरव भक्तों के लिए टाइम्स की विशेष पेशकश, होगा लाइव प्रसारण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तोलियासर दरबार के भक्त श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के निवासी व प्रवासी ही नहीं पूरे देश व विदेश में है। कोरोना के दो साल बाद इस बार इस भव्य महोत्सव को ओर अधिक भव्य बनाने के लिए श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स द्वारा लाइव प्रसारण किया जाएगा। गुरुवार 8 सितबंर की रात को मंदिर प्रांगण में आयोजित जागरण, श्रीडूंगरगढ़ से निकलने वाले ज्योत महोत्सव का, ज्योत का तोलियासर मंदिर में स्वागत तथा मुख्य आरती का लाइव प्रसारण श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के फेसबुक पेज पर किया जाएगा। सभी भक्त श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के फेसबुक पेज को लाइक जरूर करें जिससे आप सभी घर बैठे भैरव महोत्सव से लाइव जुड़ सकें और बाबा के दर्शनों का लाभ उठा सकें। इसके साथ ही श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के समस्त प्रामाणिक व विश्वसनीय खबरों से भी अपडेट रह सकेंगे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ज्योत का दिव्य दर्शन कर सकेगें शहर वासी।( फाईल फोटो, सौजन्य रमेश मूंधड़ा)