






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अप्रेल 2023। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के सभी पाठकों के लिए प्रस्तुत है जिले भर के सभी थानों में दर्ज हुए अपराधों की प्रमुख खबरें एक साथ, एक नजर में।
उधारी चुकाने का दिया झांसा, बुला कर पीटा और छीन ली नकदी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पुलिस थाना नयाशहर बीकानेर में बीकानेर के दम्माणी चौकी निवासी रविकांत जोशी ने धर्मनगर द्वार निवासी महेश पुरोहित एवं लक्ष्मीचंद्र पुरोहित के खिलाफ मारपीट कर रुपए छीनने का मामला दर्ज करवाया है। पीडित ने पुलिस को बताया कि वह आरोपियों में पैसे मांगता है एवं इसके एवज में आरोपियों का चैक उसके पास पड़ा है। गत 5 अप्रेल को आरोपियों ने उसे रुपए देने का झांसा देकर विवेकनाथजी की बगीची बुलाया एवं वहां पर उसके साथ मारपीट करते हुए उससे 3500 रुपए नकदी व कागजात छीन लिए। इस मामले की जांच नयाशहर थाने के हैडकांस्टेबल नरेश सिंह करेगें।
नयाशहर थाने के एसआई, एएसआई और कांस्टेबल सहित पांच जनों पर धोखाधड़ी का आरोप, मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बीकानेर के सदर थाने में कचहरी रोड़ निवासी भागीरथसिंह राजपुरोहित ने नयाशहर थाने के एसआई सुशीला मीणा, एएसआई सुरेश यादव, कांस्टेबल कांता विश्नोई एवं कांस्टेबल के पति अशोक विश्नोई, फलौदी निवासी जयप्रकाश विश्नोई के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए जरिए इस्तगासा मामला दर्ज करवाया है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसने एक स्कार्पियो गाड़ी का सौदा 4 लाख 10 हजार रुपए में किया था। लेकिन आरोपियों ने धोखाधड़ी करते हुए झुठा चालान बनाया एवं गाड़ी थाने में खड़ी करवा ली। मामला दर्जं हो गया है एवं जांच सदर थाने के एसआई जीतराम करेगें।
ताला तोड़ कर ले गए मोटरसाईकिल, वापस मांगी तो पीटा, पत्नी, बेटे के खिलाफ दर्ज करवाया मुकदमा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बीकानेर के सदर थाना में एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी एवं बेटे के खिलाफ कमरे का ताला तोड़ कर मोटरसाईकिल ले जाने एवं वापस मांगने पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। टाइम्स को मिली जानकारी के अनुसार सुभाषपुरा निवासी अनिल शर्मा ने मामले में अपनी पत्नी रजनी शर्मा एवं गौरव शर्मा के खिलाफ अपने ही घर में से गत 4 अप्रेल से 9 अप्रेल के बीच में कमरे का ताला तोड़ कर जबरन मोटरसाईकिल ले जाने एवं उसके द्वारा वापस मांगने पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है एवं जांच सदर थाने के एएसआई कोहरसिंह करेगें।
पडौसियों ने घर में घुस कर पीटा, मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बीकानेर जेएनवीसी थाने में अम्बेडकर कालोनी निवासी रामेश्वरलाल नायक ने अपने पडौसी फुसाराम एवं अन्य 4-5 लोगों के खिलाफ घर में घुस कर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। रामेश्वरलाल ने पुलिस को बताया कि गत 20 अप्रेल शाम 5.30 बजे आरोपी उसके घर में घुसे एवं उसे व उसके भाईयों के साथ मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है एवं जांच जेएनवीसी थाने के एएसआई ओमप्रकाश सिगड़ करेगें।
नहरबंदी के दौरान पानी की चोरी, अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बीकानेर जिले के जामसर थाने में इंदिरा गांधी नहर परियोजना के एईएन बजरंगलाल रेगर ने अज्ञात चोरों के खिलाफ नहरबंदी के समय में नहर से पानी चुराने का मामला दर्ज करवाया है। एईएन ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने खारा रिको एरिया में इंदिरा गांधी नहर से पानी चोरी किया एवं गश्त पर पहुंची सरकारी गाड़ी को देख कर भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है एवं जांच जामसर थाने के हैडकांस्टेबल नरेश कुमार करेगें।
नोखा में ट्रेलर और कंटेनर ने कुचला, दो की मौत, मामले दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नोखा क्षेत्र में गुरूवार को दो अलग अलग घटनाओं में एक ट्रेलर एवं एक कंटेनर ने दो जनों को कुचल दिया व दो जनों की मौत हो गई। नोखा बस स्टैण्ड़ पर हुई घटना में अशोक नायक ने ट्रक चालक के खिलाफ एवं पारवा बस स्टैण्ड़ पर हुई घटना में चतुर्भुज नागल ने कंटेनर चालक के खिलाफ मामले नोखा थाने में दर्ज करवाए है। पहले मामले की जांच एएसआई गोविंदसिंह एवं दुसरे मामले की जांच एएसआई शंभुसिंह करेगें।
बाप-बेटे ने मिल कर बोला धावा, जानलेवा हमले में एक घायल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिले के खाजूवाला थानाक्षेत्र में चक 22 केवाईडी निवासी वीरसिंह ने खाजुवाला के ही रावला तिराहा निवासी अमृतपालसिंह रायसिख एवं उसके बेटे बलविन्द्रसिंह के खिलाफ घर में घुस कर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज करवाया है। वीरसिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने 20 अप्रेल की रात को 9.30 बजे घर में अनाधिकृत रूप से प्रवेश किया एवं हमला कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है एवं जांच एसआई महेन्द्रसिंह करेगें।
पुगल थाने में परस्पर दर्ज हुए मारपीट के मामले।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पुगल थाना क्षेत्र के चक 01 एडीएम निवासी दो जनों ने परस्पर मारपीट के मामले दर्ज करवाए है। पहले मामले में राजेन्द्र कुम्हार ने कृपाराम कुम्हार के खिलाफ उसके एवं उसके भाई के साथ मारपीट करने का एवं दूसरे मामले में कृपाराम कुम्हार ने राजेन्द्र एवं उसके भाई के खिलाफ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनो पक्षों की और से मामले दर्ज कर लिए है एवं जांच हैडकांस्टेबल राजेन्द्र कुमार करेगें।
अवैध डोड़ा पोस्त के साथ दो गिरफ्तार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिले के जसरासर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो युवकों को अवैध डोड़ा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी जगदीश प्रसाद ने नेशनल हाईवे 20 पर उडसर कैम्प के पास बाईक सवार उडसर निवासी भैंरूसिंह राजपूत एवं भवानीसिंह राजपूत को 1 किलो 800 ग्राम डोडा पोस्त के साथ पकड़ा। दोनो जनों को गिरफ्तार कर लिया गया है एवं दोनो के खिलाफ एडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच पांचू थानाधिकारी मनोज कुमार को सौंपी गई है।



