






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अप्रेल 2023। पितृसत्तात्मक समाज में एक नहीं अनेक महिलाओं ने अनेक क्षेत्रों में अपनी लगन व मेहनत का लोहा मनवाया है परंतु आम समाज में आज भी महिला का काम करना पुरूषों को अखरता है। ऐसी ही सामाजिक समस्या से परेशान एक महिला थाने पहुंची और थानाधिकारी से मदद की गुहार लगाई है। महिला की शिकायत पर थानाधिकारी अशोक विश्नोई ने जेठ सहित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। विश्नोई ने बताया कि बहादुर कंवर पत्नी दीलिप सिंह राजपूत निवासी पुदंलसर ने अपने जेठ प्रहलाद सिंह पुत्र मोहनसिंह, जेठानी, भंवरी कवंर पत्नी चांद सिंह तथा भंवरी कंवर पत्नी सोहनसिंह निवासी पुदंलसर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति मानसिक रूप से बीमार है और बच्चों सहित परिवार की जिम्मेदारी वही उठा रही है। ऐसे में परिवार का पालन पोषण कर गुजारा करते हुए महिला अपने पति व बच्चों के साथ रहती है। महिला ने बताया कि आरोपी मुझे व मेरे बच्चों को प्रताड़ित कर रहें है। वे ना तो मुझे मेरे घर के काम से बाहर जाने देते है और ना ही किसी व्यक्ति को घर में आने देते है। गत 17 अप्रेल को आरोपियों ने एक राय होकर मेरा रास्ता रोक लिया व मेरे साथ मारपीट करते हुए गंदी गालियां निकाली। दो साल से जीना हराम कर रखा है और जान से मारने की धमकी देते है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।



