






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अप्रेल 2023। कल रात मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद राजस्व सेवा परिषद के तहसीलदार, कानूनगो, पटवारी तीनों संघों के कर्मचारी आज सुबह काम पर लौट आए जिससे मंहगाई राहत शिविर के आयोजन के लिए प्रशासन को राहत मिली। परंतु गांवो में सरपंचो व ग्राम विकास अधिकारियों की हड़ताल का प्रभाव शिविरों पर नजर आया है। गांवो में शिविरों में रौनक कम दिखी व सरपंचों के सहयोग के बिना ग्रामीणों में उत्साह कम ही नजर आया।
6603 नागरिकों ने करवाया पहले दिन पंजीयन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूरे उपखंड क्षेत्र में आयोजित शिविरों में कुल 6603 नागरिकों ने पहले दिन अपना पंजीयन करवाया है। दुलचासर में सर्वाधिक 1,683 ग्रामीणों ने पंजीयन करवाया व मोमासर में सबसे कम मात्र 158 पंजीयन हुए है। वहीं बेनीसर में 1,155 पंजीयन, रिड़ी में 440 पंजीयन, सूडसर में 293 व सोनियासर मिठिया में 298 पंजीयन हुए है। वहीं श्रीडूंगरगढ़ के शिविर संख्या 1 में 1,299 तथा शिविर संख्या में 2 में 701 पंजीयन, 3 में 576 पंजीयन हुए है। प्रशासन ने सभी जागरूक नागरिकों को सभी परिवारों को पंजीयन करवाने की अपील की है।
सूडसर में भादू ने किया उद्घाटन, ये रहें उपस्थित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उपतहसील कार्यालय सूडसर में स्थाई महंगाई राहत शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्घाटन पंच भगवानाराम भादू ने किया और ग्रामीणों को शिविर में पंजीकरण करवाने की अपील की। यहां शिविर प्रभारी कृषि पर्यवेक्षक सरस्वती देवी ने योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान कार्मिक विजय पाल, पूनमसिंह, धनराज गोदारा, नरेन्द्र कुमार विश्नोई, उमेश भादू, ओमप्रकाश, किशनलाल मौजूद रहें। शिविर में अनेक ग्रामीणों ने पहुंच कर रजिस्ट्रेशन करवाया है।
मोमासर में गिरधारी ने किया उद्घाटन, कोई विभागीय प्रतिनिधि नहीं आए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव मोमासर में दोपहर तक शिविर स्थल तैयार हो सका व पंच गिरधारीलाल खटीक ने फिता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान चंद्राराम, टोडूराम भामू, हुलासाराम, गौरीशंकर खटीक, बाबूलाल गर्ग सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहें। इस दौरान शिविर प्रभारी बीरबल कुमार व कम्प्यूटर अनुदेशक शांति मौजूद रहें। इसके अतिरिक्त किसी विभाग के कोई प्रतिनिधि नजर नहीं आए।







